धनबाद (Dhanbad) रेल मंडल में सीबीआई (CBI) की बड़ी कार्रवाई। वरीय मंडल विद्युत अभियंता संजीव कुमार 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, डीआरएम कार्यालय और आवास पर देर रात तक छापेमारी।
धनबाद
देश के सबसे कमाऊ रेल मंडलों में गिने जाने वाले धनबाद रेल मंडल में ऐसा नज़ारा देखने को मिला जिसने पूरे रेलवे महकमे को हिला दिया। डीआरएम कार्यालय के भीतर ही घूस का खेल चल रहा था, लेकिन इस बार किस्मत साथ नहीं दे सकी। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने जाल बिछाया और वरीय मंडल विद्युत अभियंता संजीव कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पूरे दफ्तर में अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के अनुसार यह पूरी कार्रवाई एक रेल संवेदक की शिकायत के बाद की गई। संवेदक अवजीत झा ने रेलवे में इलेक्ट्रिक से जुड़े सामान की आपूर्ति और स्थापना का काम किया था, जिसका बिल करीब 45 लाख रुपये का था। आरोप है कि इस बिल के भुगतान के बदले वरीय मंडल विद्युत अभियंता संजीव कुमार लगातार रिश्वत की मांग कर रहे थे। बार-बार की मांग से परेशान होकर संवेदक ने आखिरकार सीबीआई का दरवाजा खटखटाया।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने पहले मामले की जांच-पड़ताल की। आरोप सही पाए जाने पर अधिकारियों ने पूरी योजना के साथ ट्रैप बिछाया। शुक्रवार को तय योजना के मुताबिक संवेदक जैसे ही अभियंता को घूस की रकम देने पहुंचे, उसी समय सीबीआई की टीम ने डीआरएम कार्यालय में धावा बोल दिया। कुछ ही सेकंड में पूरा खेल खत्म हो गया और अभियंता 50 हजार रुपये की रिश्वत के साथ पकड़ लिए गए। कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि कार्यालय में मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम अभियंता को अपने साथ ले गई और इसके बाद उनके कार्यालय तथा आवास पर भी छापेमारी शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक देर रात करीब 11:30 बजे तक दस्तावेजों की गहन जांच चलती रही। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और एक प्रिंटर जब्त किया गया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इन दस्तावेजों से मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे सीबीआई के डीएसपी विकास पाठक ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज की जाएगी और आगे की जांच जारी है।
धनबाद रेल मंडल ईस्ट सेंट्रल रेलवे का सबसे व्यस्त और सबसे ज्यादा कमाई करने वाले मंडलों में गिना जाता है। ऐसे में एक वरिष्ठ अभियंता की रिश्वत लेते गिरफ्तारी ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सीबीआई की जांच जारी है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े कई और राज सामने आ सकते हैं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
खून की कमी चुपचाप वार करती है | आयरन की गोली बेअसर क्यों? आदतें बदलें, हीमोग्लोबिन खुद बढ़ेगा
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
