भरतपुर में सड़क चौड़ीकरण के लिए बिना मुआवजे भूमि अधिग्रहण के विरोध में व्यापारियों ने सद्बुद्धि यज्ञ किया। व्यापार महासंघ ने 26 मई को भरतपुर बंद की चेतावनी दी।
भरतपुर
सड़क चौड़ीकरण की आड़ में बिना मुआवजे दुकानों और जमीनों पर कार्रवाई के विरोध में भरतपुर के व्यापारी अब आर-पार की लड़ाई के मूड में दिखाई दे रहे हैं। विरोध का तरीका भी ऐसा चुना गया जिसने पूरे शहर का ध्यान खींच लिया। रविवार को लक्ष्मण मंदिर चौक पर व्यापारियों ने सरकार और प्रशासन की ‘सद्बुद्धि’ के लिए यज्ञ किया और साफ संदेश दिया — ‘हक छीना गया तो आंदोलन उग्र होगा।’
भरतपुर जिला व्यापार महासंघ के बैनर तले आयोजित इस सद्बुद्धि यज्ञ में शहर के अलग-अलग बाजारों और प्रभावित इलाकों से पहुंचे व्यापारियों ने आहुति देकर प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। यज्ञ स्थल काले झंडों, विरोध बैनरों और मांगों वाली तख्तियों से पटा नजर आया। माहौल पूरी तरह आंदोलनकारी था।
यज्ञ में संजीव गुप्ता और विपुल शर्मा जिजमान के रूप में शामिल हुए और प्रभावित क्षेत्रों के व्यापारियों के साथ आहुतियां दी गईं।
इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी और विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें साहब सिंह, योगेश सिंघल, भगवान कटारा, संघर्ष समिति संयोजक विष्णु जैन, जिला कोषाध्यक्ष जयप्रकाश बजाज, पूर्व नेता प्रतिपक्ष इंद्रजीत भारद्वाज, सह महामंत्री अंजुम सिंघल, प्रवक्ता प्रदीप शर्मा, मंत्री मनीष मेहरा, विनोद चौटाला, गिरिश सर्राफ और राजेंद्र अग्रवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।
‘व्यापारी भीख नहीं, हक मांग रहे हैं’
जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि व्यापारियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिनके पास वैध दस्तावेज हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिए बिना उजाड़ना अन्याय है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन और राजनीतिक स्तर पर जल्द समाधान नहीं निकला तो 17 मई को सांकेतिक अनशन और 26 मई को भरतपुर बंद का आह्वान किया जाएगा।
‘विकास जरूरी, लेकिन विनाश की कीमत पर नहीं’
जिला महामंत्री विपुल शर्मा ने कहा कि व्यापारी विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन अपनी वर्षों की मेहनत और रोजी-रोटी को खत्म कर दिया जाए, यह स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि न्यायालय के स्पष्ट आदेश हैं कि बिना मुआवजे भूमि अधिग्रहण नहीं किया जा सकता, इसके बावजूद प्रशासन टालमटोल कर रहा है।
‘सरकारी रिकॉर्ड ही नजरअंदाज किए जा रहे हैं’
पूर्व नेता प्रतिपक्ष इंद्रजीत भारद्वाज ने प्रशासनिक रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभाग अपने ही जारी किए गए पट्टों, निर्माण स्वीकृतियों और राजस्व रिकॉर्ड को नजरअंदाज कर रहा है, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है।
आंदोलन अब चरणबद्ध और उग्र होगा
संघर्ष समिति संयोजक विष्णु जैन ने कहा कि फिलहाल आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है, लेकिन अगर मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो पुतला दहन, जिला बंद और अन्य बड़े आंदोलनात्मक कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
जिला कोषाध्यक्ष जयप्रकाश बजाज ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भरतपुर दौरे के दौरान महासंघ की ओर से ज्ञापन सौंपा जाएगा और व्यापारियों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया जाएगा।
यज्ञ में कच्चा परकोटा, जगराम धाकड़, दारापुरिया, बिनाराय गेट से सिरकी वाले हनुमान मंदिर क्षेत्र, मानसिंह सर्किल, पक्का बाग, सेवर रोड, हीरादास, कुम्हेर गेट, रेडक्रॉस सर्किल से रेलवे स्टेशन मार्ग, शीशम तिराहा, गोलबाग रोड, लक्ष्मण मंदिर, गंगा मंदिर सहित कई क्षेत्रों के व्यापारी शामिल हुए।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
नई हवा’ की खबरें नियमित और अपने मोबाइल पर डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें
