भरतपुर
लायंस क्लब भरतपुर कोहिनूर ने 77वां गणतंत्र दिवस को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे सेवा, संवेदना और राष्ट्रप्रेम के जीवंत उत्सव में बदल दिया। क्लब ने गरीब, बेसहारा, बेघर और अनाथ बच्चों के साथ यह पावन दिन साझा करने के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय आवासीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, न्यू पुष्प वाटिका को चुना।
भक्ति और देशप्रेम से ओत-प्रोत वातावरण में कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ माँ शारदे एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष लायन रमेश चंद सिंघल, लायन प्रवीण फौजदार, प्रोफेसर लायन डॉ. मगन प्रसाद, लायन कमल कपूर, प्रोफेसर लायन डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, लायन अशोक तांबी एवं संस्था प्रधान गोविंद सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके उपरांत सभी सदस्यों और बच्चों ने गर्व के साथ राष्ट्रगान गाया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंगों में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम को दोहरी खुशियों का रूप मिला, जब क्लब के वरिष्ठ सदस्य लायन प्रोफेसर डॉ. मगन प्रसाद एवं लायन कमल कपूर का जन्मदिन भी बच्चों के साथ मनाया गया। केक काटकर यह उल्लास साझा किया गया। प्रोफेसर डॉ. मगन प्रसाद के सौजन्य से सभी विद्यार्थियों और क्लब सदस्यों के लिए उत्तम अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र रिंकू एवं फिरोज ने स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देते हुए कठिन योगासनों का सहज और प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी को आश्चर्यचकित एवं मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष लायन प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों और विद्यालय स्टाफ का परिचय देते हुए उन्हें माल्यार्पण, साफा एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम संयोजक लायन डॉ. मगन प्रसाद ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि इन्हें उचित अवसर और सुविधाएँ मिलें, तो ये बच्चे कठिन परिश्रम के बल पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने योग को न केवल शरीर को स्वस्थ रखने वाला, बल्कि जीवन को अनुशासित कर आयु बढ़ाने वाला साधन बताया।
इस सेवा भावना से ओत-प्रोत आयोजन में प्रोफेसर डॉ. मगन प्रसाद एवं श्रीमती डॉ. गुंजन भूषण के सौजन्य से सभी बच्चों को स्वल्पाहार पैकेट, फल, टॉफी और पेन वितरित किए गए। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ने इस आयोजन की सार्थकता को स्वयं सिद्ध कर दिया।
इस गरिमामयी अवसर पर संस्थापक लायन रमेश चंद सिंघल, लायन एमजेएफ प्रवीण फौजदार, लायन अशोक ताम्बी, कोषाध्यक्ष संजय खंडेलवाल, सचिव रूपेंद्र चौधरी, मोहन मंगलानी, प्रमोद खंडेलवाल, सत्येंद्र कुमार, प्रमोद शर्मा, मनोज फौजदार, गोविंद खंडेलवाल, रवि कुमार ‘शिवहरी’, घनश्याम शर्मा, दीपक कुमार, नीरू फौजदार, रामगोपाल ‘शिवहरि’, कपिल सहजवाल सहित क्लब के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक वन्दे मातरम् एवं देशभक्ति गीतों के साथ हुआ।
नई हवा’ की खबरें नियमित और अपने मोबाइल पर डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
