रिश्वत लेकर भागे, फिर दबोचे गए | हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल ACB ट्रैप में गिरफ्तार, ₹1.50 लाख की बरामदगी बाकी

डूंगरपुर में ACB ने दोवड़ा थाने के हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल को ₹1.50 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया, रकम लेकर फरार होने के बाद होटल के बाहर पकड़े गए।

डूंगरपुर 

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) डूंगरपुर ने दोवड़ा थाना क्षेत्र में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल अशोक कुमार पाटीदार और कांस्टेबल प्रकाश पाटीदार को ₹1.50 लाख की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों पुलिसकर्मी रिश्वत लेने के बाद कार से फरार हो गए थे, जिन्हें एसीबी टीम ने पुनाली के आगे एक होटल के बाहर दबोच लिया। हालांकि, अब तक रिश्वत की राशि बरामद नहीं हो सकी है।

आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर खड़ा ट्रेलर बना काल | खड़े ट्रेलर में घुसी स्लीपर बस, 4 की मौत, 5 गंभीर घायल, मृतकों में तीन मथुरा निवासी

एसीबी डूंगरपुर के डीएसपी रतन सिंह राजपुरोहित ने बताया कि 28 जनवरी को एक परिवादी ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 18 जनवरी को वह इंडियन पेट्रोल पंप के पास नयागांव में खड़ा था, तभी दोवड़ा थाने की पुलिस गाड़ी वहां रुकी। पुलिसकर्मियों ने उससे एक व्यक्ति के पते के बारे में पूछा और बाद में उसका मोबाइल फोन लेकर लेन-देन की जानकारी बताकर उसे गाड़ी में बैठा लिया।

परिवादी के अनुसार, पुलिसकर्मी ने रास्ते में अपना नाम प्रकाश पाटीदार बताया और कहा कि दोवड़ा थाने के सीआई भी पाटीदार हैं। आरोप है कि उसे यह कहकर डराया गया कि सोशल मीडिया ऐप के जरिए ठगी के मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है, जमानत नहीं मिलेगी और जिंदगी खराब हो जाएगी। इसके बाद बागदरी के पास उतारकर मोबाइल नंबर दिए गए और मामला दर्ज नहीं करने के एवज में ₹2 लाख की रिश्वत की मांग की गई।

20 से 24 जनवरी के बीच परिवादी के भाई ने कांस्टेबल प्रकाश पाटीदार से कई बार फोन पर बातचीत की। आरोपी ने थाने आकर मिलने को कहा और रिश्वत की मांग दोहराई। शिकायत पर एसीबी ने 28 जनवरी को सत्यापन कार्रवाई कराई, जिसमें कांस्टेबल प्रकाश पाटीदार और हेड कांस्टेबल अशोक कुमार पाटीदार द्वारा ₹1.50 लाख की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

इसके बाद एसीबी ने बुधवार देर रात ट्रैप की कार्रवाई की। योजना के तहत परिवादी को ₹1.50 लाख देकर भेजा गया। दोनों पुलिसकर्मी उसे कार में बैठाकर दोवड़ा थाने के सामने से फलोज तिराहे तक ले गए, जहां रिश्वत की राशि कार के डैशबोर्ड पर रखवाई गई। इसके बाद परिवादी को उतार दिया गया।

इशारा मिलते ही एसीबी टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों आरोपी रिश्वत की राशि लेकर कार से फरार हो गए। पीछा करते हुए एसीबी टीम ने आसपुर रोड पर एक होटल के पास दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की राशि बरामद नहीं हो सकी।

डीएसपी राजपुरोहित ने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन उन्होंने अब तक रिश्वत की रकम के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है। एसीबी की टीम राशि की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

गाजर का हलवा…

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।