आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर खड़ा ट्रेलर बना काल | खड़े ट्रेलर में घुसी स्लीपर बस, 4 की मौत, 5 गंभीर घायल, मृतकों में तीन मथुरा निवासी

भरतपुर में आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रेलर से स्लीपर बस टकराई, हादसे में 4 की मौत और 5 गंभीर घायल, तड़के हुआ हादसा।

भरतपुर 

राजस्थान के भरतपुर जिले में आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार अलसुबह एक भीषण सड़क हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं। सेवर थाना क्षेत्र के लुधावई पुलिया के पास कासगंज से जयपुर जा रही एक स्लीपर बस, बीच हाईवे पर खड़े एक खराब ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार ट्रेलर खराब अवस्था में हाईवे पर खड़ा था और उस पर कोई चेतावनी संकेत या रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए थे। घने कोहरे के कारण बस चालक को ट्रेलर चलता हुआ प्रतीत हुआ, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर कमर चौधरी और एसपी दिगंत आनंद मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।
सेवर थाना प्रभारी सतीश शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को जिला आरबीएम अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है, उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

इनकी हुई मौत 
कान्हा (8) पुत्र रामवीर, निवासी सतोवा मथुरा (उ.प्र.),
गीता (38) पत्नी रामवीर, निवासी सतोवा मथुरा (उ.प्र.),
मुक्खन सिंह (28) पुत्र खेम सिंह, निवासी कठूमर अलवर (राजस्थान),
और मुस्लिम (40) पुत्र इस्माइल, निवासी कासगंज (उ.प्र.) के रूप में हुई है।

इस दुर्घटना की सबसे हृदयविदारक कहानी मथुरा के सतोवा निवासी रामवीर की है। रामवीर अपनी पत्नी गीता और 8 वर्षीय बेटे कान्हा के साथ खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए निकले थे। रामवीर भगवान की मूर्तियों के लिए कागज की पगड़ियां बनाते हैं और हर महीने खाटूश्याम जी में माल सप्लाई करने जाते थे। इस बार वह पत्नी और बेटे को भी साथ ले गए थे, लेकिन हादसे में पत्नी और बेटे की मौत हो गई, जबकि रामवीर स्वयं गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हुआ। टक्कर के बाद बस में फंसे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, वहीं घायल यात्रियों का इलाज जारी है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

गाजर का हलवा…

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।