हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार में बड़ा बस हादसा। 50 मीटर गहरी खाई में गिरी निजी बस, 14 यात्रियों की मौत, 33 घायल। पीएम मोदी ने जताया शोक।
सिरमौर
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। कुपवी से शिमला जा रही एक निजी बस हरिपुरधार के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 33 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि बस खाई में गिरते ही टुकड़ों में बिखर गई। चारों ओर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग सबसे पहले मदद के लिए मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया, जिसके बाद एंबुलेंस और प्रशासन की टीमों ने राहत कार्य संभाला।
जानकारी के अनुसार बस में 45 से अधिक यात्री सवार थे, हालांकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि संख्या 30 से 35 के बीच हो सकती है। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को हायर सेंटर संगड़ाह, ददाहू और नाहन रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा है।
हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और परिवहन विभाग की टीमें दुर्घटना की जांच में जुटी हैं। प्रारंभिक तौर पर सड़क की स्थिति और बस की तकनीकी हालत को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
दुर्घटना के बाद प्रदेश सरकार की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने हादसे पर शोक जताते हुए मेडिकल कॉलेज नाहन को निर्देश दिए हैं कि गंभीर घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी न रहे। नाहन मेडिकल कॉलेज में आपात व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय कर दी गई है। कुछ घायलों को राजगढ़ और ददाहू के अस्पतालों में भी रेफर किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिरमौर बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
पेपर से पहले हो गया था सौदा! | STF के खुलासे के बाद असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा रद्द
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
