भरतपुर (Bharatpur) में एसीबी (ACB) की बड़ी कार्रवाई। पीएम सूर्यघर योजना (PM Surya ghar Yojana) में मीटर और सब्सिडी के बदले रिश्वत मांगने वाले जेवीवीएनएल के दो इंजीनियर 50 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।
भरतपुर
भरतपुर में सरकारी योजनाओं की आड़ में चल रही रिश्वतखोरी पर एसीबी ने सीधा प्रहार किया है। पीएम सूर्यघर रूफटॉप सोलर योजना के तहत मीटर जारी करने और सब्सिडी मंजूरी के बदले रिश्वत मांगने वाले जेवीवीएनएल के दो इंजीनियरों को एसीबी ने पहली किश्त लेते ही धर दबोचा।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में अभिषेक (कनिष्ठ अभियंता) और मोहित कटियार (सहायक अभियंता) को कार्यालय अधिशासी अभियंता, जेवीवीएनएल उच्चैन, जिला भरतपुर से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने सोलर प्लांट इंस्टॉलेशन के बाद मीटर जारी करने और सरकारी सब्सिडी पास कराने के बदले ठेकेदार से 90 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को मिली शिकायत के अनुसार, परिवादी की फर्म ने पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर प्लांट का इंस्टॉलेशन पूरा कर लिया था, लेकिन इसके बावजूद मीटर और सब्सिडी की फाइल आगे नहीं बढ़ाई जा रही थी। आरोप है कि दोनों इंजीनियर मिलकर बार-बार दबाव बना रहे थे और भुगतान नहीं करने पर काम अटकाने की चेतावनी दी जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। पहली किश्त के रूप में तय 50 हजार रुपये लेते समय आरोपी अभिषेक को उसके घर के बाहर सड़क पर रंगे हाथों पकड़ लिया गया। कार्रवाई एसीबी भरतपुर की टीम ने की, जो पूरे समय निगरानी में थी।
यह ट्रैप ऑपरेशन एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। फिलहाल एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के निर्देशन में दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
एसीबी ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसी अब यह भी खंगाल रही है कि इस तरह की वसूली पहले भी हुई है या नहीं और क्या इसमें अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल रहे हैं।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
पेपर से पहले हो गया था सौदा! | STF के खुलासे के बाद असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा रद्द
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
