गुरुग्राम में गश्त के दौरान पुलिस की ERV पानी के टैंकर से टकरा गई। हादसे में दो हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई, जबकि एक कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल है। टैंकर पर रिफ्लेक्टर नहीं होने की बात सामने आई है।
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार आधी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को गहरा झटका दिया। गश्त पर निकली इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) फर्रुखनगर क्षेत्र के खेड़ी खुर्मुपुर के पास सड़क किनारे खड़े एक पानी के टैंकर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो हेड कॉन्स्टेबलों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल और हेड कॉन्स्टेबल अनिल के रूप में हुई है। वहीं उनके साथ मौजूद कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेदांता अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
वाहन में फंस गए थे तीनों पुलिसकर्मी
रात करीब 11 बजे हुई इस दुर्घटना के बाद ERV के परखच्चे उड़ गए और तीनों पुलिसकर्मी वाहन के भीतर ही फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन के हिस्से काटकर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने छोटेलाल और अनिल को मृत घोषित कर दिया।
बिना लाइट-रिफ्लेक्टर खड़े टैंकर पर सवाल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर खड़ा पानी का टैंकर ट्रैक्टर से जुड़ा हुआ था, लेकिन उस पर न तो कोई चेतावनी लाइट थी और न ही रिफ्लेक्टर लगे थे। आशंका है कि इसी वजह से पीछे से आ रही पुलिस ERV को टैंकर समय रहते दिखाई नहीं दिया और हादसा हो गया।
पुलिस ने दोनों मृतक हेड कॉन्स्टेबलों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सड़क पर टैंकर किस परिस्थिति में खड़ा था और सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
