रोहतक में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने ZMEO कार्यालय के क्लर्क राकेश को 40 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। लाइसेंस बनाने के बदले रकम मांगने का आरोप है।
रोहतक। फाइल आगे बढ़ाने और लाइसेंस बनवाने के लिए मांगी गई 40 हजार रुपए की रकम आखिरकार क्लर्क के लिए मुसीबत बन गई। रोहतक में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की टीम ने नई अनाज मंडी स्थित जोनल मार्केटिंग इन्फोर्समेंट ऑफिस (ZMEO) में तैनात क्लर्क राकेश को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के अनुसार आरोपी ने जोन का लाइसेंस बनाने के बदले शिकायतकर्ता से यह रकम मांगी थी।
नरेला की एग्रो फूड कंपनी से जुड़ा था मामला
शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को बताया था कि उसकी नरेला में एग्रो फूड कंपनी है। कंपनी की ओर से पानीपत मार्केट कमेटी के अंतर्गत एक जोन का लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन किया गया था। इसके लिए जरूरी फाइल तैयार कर मार्केट कमेटी में जमा कराई गई थी। आगे की कार्रवाई के लिए यही फाइल नई अनाज मंडी स्थित ZMEO कार्यालय भेजी गई। शिकायतकर्ता जब अपनी फाइल की स्थिति जानने कार्यालय पहुंचा तो वहां तैनात क्लर्क राकेश ने कथित तौर पर लाइसेंस बनवाने के एवज में 40 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की।
शिकायत पहुंची तो ब्यूरो ने बिछाया जाल
रिश्वत की मांग की शिकायत मिलने के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मामले की जांच की। शिकायत की पुष्टि के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए रेडिंग टीम गठित की गई और तय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई शुरू की गई। इसके बाद शिकायतकर्ता के जरिए रकम देने की कार्रवाई कराई गई। ब्यूरो के अनुसार जैसे ही राकेश ने 40 हजार रुपए स्वीकार किए, टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में किए जाने की बात ब्यूरो ने कही है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज
मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। केस भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत दर्ज हुआ है। ब्यूरो की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निदेशक डॉ. एएस चावला ने कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
ब्यूरो ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम करने के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी जाए। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1800-180-2022 और 1064 जारी किए गए हैं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
