खनन माफिया के आगे वन विभाग की टीम घिरी, रेंजर समेत वनकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, मोबाइल छीनकर मिटाए वीडियो

भरतपुर के बंशी पहाड़पुर में अवैध खनन रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला। रेंजर समेत वनकर्मी घायल, मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट और रीसेट करने का आरोप।

भरतपुर/रुदावल। बंशी पहाड़पुर के जंगलों में अवैध खनन रोकने पहुंचने वाली वन विभाग की टीम ही खनन माफिया के निशाने पर आ गई। अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे ट्रैक्टर-कंप्रेशर को जब्त करने की कार्रवाई शुरू होते ही कथित खनन माफिया और उसके साथियों ने वनकर्मियों को घेर लिया। आरोप है कि 15-20 लोगों ने लाठी-डंडों और सरियों से टीम पर हमला कर दिया। रेंजर से लेकर वनरक्षक तक को निशाना बनाया गया। हमलावरों ने कथित तौर पर वनकर्मियों के मोबाइल भी छीन लिए और उनमें रिकॉर्ड किए गए वीडियो डिलीट करने के बाद मोबाइल रीसेट कर दिए।

मामले में बयाना रेंजर पवन सिंह बिधूड़ी ने रुदावल थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, घटना बंशी पहाड़पुर वन क्षेत्र में गश्त के दौरान हुई।

ट्रैक्टर-कंप्रेशर पकड़ते ही बुला ली भीड़

थाना प्रभारी नरेश शर्मा के अनुसार, रेंजर पवन सिंह बिधूड़ी शनिवार को वनपाल सुरेंद्र कुमार और वनरक्षक पुखराज, नेतराम तथा रवि कुमार के साथ सरकारी वाहन से गश्त पर निकले थे। टीम सूखाशीला वनखंड से होते हुए बंशी पहाड़पुर के बी वनखंड पहुंची तो वहां अवैध खनन की पिट और ताजा खनन के निशान मिले।

इसी दौरान एक ट्रैक्टर के साथ कंप्रेशर वहां से निकलता दिखाई दिया। वन विभाग की टीम ने पीछा किया तो चालक वाहन को पप्पू चुरारी की खनन पिट में खड़ा कर भाग गया। जांच में ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं मिली। चेसिस और इंजन नंबर की पट्टियां भी घिसी हुई पाई गईं।

टीम ने ट्रैक्टर-कंप्रेशर को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की ही थी कि रामअवतार मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने वनकर्मियों को धमकाया और फोन करके अपने साथियों को लाठी-डंडे लेकर बुला लिया।

लाठी-सरियों से हमला, रेंजर और वनपाल भी नहीं बचे

कुछ ही देर में खोहरी निवासी हेमसिंह, रिछौहा निवासी देवेंद्र, चेतनिया नगला निवासी लवकुश, खोहरी निवासी ऋषि और हरेन्द्र समेत करीब 15-20 लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने आते ही वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया और खनन स्थल पर मौजूद साधनों को वहां से हटाने लगे।

रिपोर्ट के मुताबिक, हेमसिंह ने सरकारी वाहन का रास्ता रोक दिया। इसके बाद हेमसिंह और देवेंद्र ने वनरक्षक नेतराम को पकड़कर लाठी-डंडों और सरियों से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे रेंजर पवन सिंह और वनपाल सुरेंद्र कुमार के साथ भी मारपीट की गई। वहीं ऋषि और हरेन्द्र पर वनरक्षक पुखराज से मारपीट करने का आरोप है। हमले में रेंजर सहित वनकर्मियों को चोटें आई हैं।

सबूत मिटाने के लिए मोबाइल छीने, वीडियो डिलीट कर किए रीसेट

इस घटनाक्रम की वन विभाग की टीम मोबाइल फोन से रिकॉर्डिंग भी कर रही थी। आरोप है कि देवेंद्र और उसके साथियों ने वनकर्मियों के मोबाइल छीन लिए। मोबाइल में रिकॉर्ड किए गए वीडियो डिलीट कर दिए और फोन को रीसेट तक कर दिया। इस तरह हमले के दौरान बनाई जा रही रिकॉर्डिंग को मिटाने का प्रयास किया गया।

बंशी पहाड़पुर में वन विभाग पर हमले की यह पहली घटना नहीं

बंशी पहाड़पुर वन क्षेत्र में अवैध खनन रोकने वाली टीमों पर हमलों का सिलसिला पहले भी सामने आ चुका है। 26 सितंबर 2026 को इसी क्षेत्र में वन विभाग की टीम पर हमला हुआ था, जिसमें गढ़ीबाजना के कोट नाके पर तैनात फॉरेस्टर भगवान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस साल इससे पहले भी दो बार वन विभाग की टीम पर हमले हो चुके हैं।

इससे पहले 18 दिसंबर 2025 को बयाना के बंध बारैठा वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में वन विभाग और बॉर्डर सिक्योरिटी होमगार्ड की संयुक्त टीम पर भी हमला किया गया था।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने वन क्षेत्रों में अवैध खनन रोकने के लिए तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब रुदावल पुलिस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट के आधार पर जांच कर रही है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

राहुल गांधी को स्टालिन का करारा जवाब; बोले- इतिहास हमें ‘कट्टाबोम्मन’ मानेगा, ‘एट्टप्पन’ नहीं; INDIA गठबंधन में नई तकरार

कोरोना से भी खौफनाक होगा AI का कहर? 2027 में लाखों मौतों और बैंकिंग ठप होने की डरावनी चेतावनी! | ‘घर में 14 दिन का राशन-पानी और नकदी रख लें…

परिसीमन पर मोदी सरकार ने विपक्ष के किले में लगाई सेंध, स्टालिन ने खोला रास्ता, शरद पवार की पार्टी भी बदलेगी पाला! INDIA गठबंधन में बढ़ी बेचैनी

HDFC बैंक ग्राहकों के मोबाइल पर अब नहीं आएगा हर UPI पेमेंट का मैसेज, 1 जनवरी से बदलने जा रहा है ये नियम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *