हरियाणा के रतिया में ACB ने एक लाख रुपये की रिश्वत लेते फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर सिंह गिल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी पूर्व सांसद का पोता है।
फतेहाबाद (हरियाणा)। राइस मिल की क्षमता बढ़वाने का काम और उसके बदले रिश्वत की मांग! पहली बार एक लाख रुपये लेने के बाद भी कथित वसूली का सिलसिला नहीं थमा तो मिल संचालक ने ऐसा कदम उठाया कि पूरा खेल ही पलट गया। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जाल बिछाया और दूसरी बार एक लाख रुपये लेते हुए फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर समेत तीन लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार मुख्य आरोपी यादविंदर सिंह गिल पूर्व सांसद आत्मा सिंह गिल के पोते बताए जा रहे हैं।
मामला हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र का है। गांव पिलछियां में एक राइस मिल संचालक ने विजिलेंस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उसकी राइस मिल की एमटी (मीट्रिक टन) क्षमता बढ़ाने के काम के बदले फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर सिंह गिल और अन्य लोगों द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस काम के लिए पहले ही एक लाख रुपये दिए जा चुके थे, लेकिन इसके बावजूद दोबारा एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी। लगातार की जा रही कथित मांग से परेशान होकर मिल संचालक ने भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी का दरवाजा खटखटाया।
शिकायत के बाद बिछाया जाल, रकम लेते ही पहुंच गई टीम
शिकायत की पुष्टि होने के बाद ACB ने आरोपियों को पकड़ने की योजना तैयार की। शुक्रवार, 27 नवंबर को टीम ने तय रणनीति के तहत जाल बिछाया। जैसे ही एक लाख रुपये की रिश्वत की रकम ली गई, पहले से मुस्तैद टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों में फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर सिंह गिल के अलावा रवींद्र और सम्राट शंकर शामिल हैं। यादविंदर सिंह गिल का नाम पूर्व सांसद आत्मा सिंह गिल के पोते के रूप में सामने आने के बाद इस कार्रवाई की चर्चा और तेज हो गई है।
विभाग में मचा हड़कंप, पूछताछ जारी
ACB की इस कार्रवाई के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और स्थानीय प्रशासन में हलचल मच गई। टीम तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। राइस मिल की क्षमता बढ़ाने के काम के बदले कथित तौर पर पहले रकम लेने और फिर दूसरी किस्त मांगने के आरोपों को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
