राष्ट्रीय महिला आयोग की 24×7 महिला हेल्पलाइन 14490 महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने, मनोवैज्ञानिक परामर्श, कानूनी सहायता और संबंधित एजेंसियों तक पहुंच बनाने की सुविधा देती है। जानिए कौन और कैसे इस सेवा का लाभ उठा सकता है।
नई हवा, राष्ट्रीय डेस्क। हिंसा, उत्पीड़न, दहेज प्रताड़ना, साइबर उत्पीड़न या मानसिक तनाव… अगर कोई महिला ऐसी किसी भी परेशानी का सामना कर रही है तो अब उसे मदद के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। सिर्फ 14490 डायल करके वह सीधे राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की 24×7 हेल्पलाइन से जुड़ सकती है, जहां शिकायत दर्ज कराने से लेकर मनोवैज्ञानिक परामर्श और संबंधित एजेंसियों तक सहायता पहुंचाने की व्यवस्था उपलब्ध है।
यह टोल-फ्री हेल्पलाइन 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं और युवतियों के लिए शुरू की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत संस्थागत सहयोग मिल सके।
सिर्फ शिकायत नहीं, हर कदम पर मिलेगा साथ
महिला हेल्पलाइन 14490 केवल शिकायत दर्ज करने तक सीमित नहीं है। यहां प्रशिक्षित विशेषज्ञ महिलाओं की बात सुनते हैं, जरूरत पड़ने पर मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराते हैं और मामले की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभाग या एजेंसी तक पहुंचाने में भी मदद करते हैं।
महिलाएं इस हेल्पलाइन के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त कर सकती हैं। मानसिक स्वास्थ्य और काउंसलिंग से जुड़े विशेषज्ञों की भागीदारी इस सेवा को और प्रभावी बनाती है।
पुराने नंबर की जगह आसान शॉर्ट कोड
राष्ट्रीय महिला आयोग पहले से हेल्पलाइन 7827170170 संचालित कर रहा था। अब उसी व्यवस्था को अधिक सरल और सुलभ बनाने के लिए 14490 जैसा छोटा और याद रखने में आसान नंबर उपलब्ध कराया गया है, ताकि आपात स्थिति में महिलाएं बिना किसी परेशानी के तुरंत संपर्क कर सकें।
24 घंटे, पूरे देश के लिए एक ही नंबर
यह हेल्पलाइन डिजिटल शिकायत पंजीकरण प्रणाली से जुड़ी है और चौबीसों घंटे काम करती है। देश के किसी भी हिस्से से महिलाएं इस नंबर पर संपर्क कर सकती हैं। डिजिटल तकनीक के उपयोग से शिकायत दर्ज करने और उसके निस्तारण की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और व्यवस्थित बनाई गई है।
हर शिकायत से सीखता है महिला आयोग
राष्ट्रीय महिला आयोग के पास हर साल घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, कार्यस्थल पर भेदभाव, साइबर उत्पीड़न और महिलाओं के खिलाफ अन्य अपराधों से जुड़ी हजारों शिकायतें पहुंचती हैं।
इन मामलों का विश्लेषण कर आयोग यह समझने की कोशिश करता है कि किस तरह के अपराध बढ़ रहे हैं और किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है। इसी आधार पर संबंधित विभागों को सुझाव दिए जाते हैं और पुलिस, न्यायिक अधिकारियों, अभियोजकों तथा फोरेंसिक विशेषज्ञों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में इन मामलों को अध्ययन सामग्री के रूप में भी शामिल किया जाता है।
शिकायत दर्ज होने के बाद क्या होता है?
किसी भी शिकायत के मिलने पर आयोग सबसे पहले यह जांच करता है कि मामला उसके अधिकार क्षेत्र में आता है या नहीं।
यदि मामला आयोग के दायरे में होता है तो उसे पंजीकृत कर एक यूनिक केस नंबर दिया जाता है। इसके बाद पुलिस जांच की निगरानी, कानूनी प्रक्रिया की समीक्षा, मध्यस्थता, काउंसलिंग और आवश्यक होने पर जांच समिति के गठन जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
अगर मामला आयोग के अधिकार क्षेत्र से बाहर होता है तो शिकायतकर्ता को उचित जानकारी देकर संबंधित संस्था से संपर्क करने की सलाह दी जाती है।
महिलाओं के लिए भरोसे का नया सहारा
राष्ट्रीय महिला आयोग की 24×7 हेल्पलाइन 14490 महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यह हेल्पलाइन न केवल शिकायत दर्ज कराने का आसान माध्यम है, बल्कि जरूरतमंद महिलाओं को सही समय पर सही संस्था तक पहुंचाने, कानूनी प्रक्रिया से जोड़ने और मानसिक सहयोग उपलब्ध कराने का भी प्रभावी मंच बन रही है।
अगर आपके आसपास कोई महिला हिंसा, उत्पीड़न या किसी अन्य गंभीर समस्या का सामना कर रही है, तो 14490 उसकी मदद का पहला कदम बन सकता है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
