भरतपुर के एमएसजे कॉलेज का राजस्थान के 639 महाविद्यालयों में से चयनित 10 उत्कृष्ट कॉलेजों में स्थान मिला। शोध, पेटेंट और नवाचार बने उपलब्धि का आधार।
भरतपुर। राजस्थान के 639 महाविद्यालयों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने वाले भरतपुर के एमएसजे कॉलेज ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य के उन चुनिंदा 10 महाविद्यालयों में इसका चयन हुआ है, जिन्हें बेस्ट प्रैक्टिसेज के मामले में उत्कृष्ट माना गया है। कॉलेज को यह स्थान केवल शैक्षणिक गतिविधियों के आधार पर नहीं, बल्कि शोध, नवाचार, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे नए प्रयोगों के आधार पर मिला है।
दरअसल, आयुक्त कॉलेज शिक्षा राजस्थान नथमल डिडेल की पहल पर पहली बार प्रदेश के 639 महाविद्यालयों में से 10 उत्कृष्ट महाविद्यालयों का चयन किया गया। इस उपलब्धि के लिए एमएसजे कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने कॉलेज में संचालित विभिन्न गतिविधियों और नवाचारों की प्रस्तुति तैयार कर जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में रखी थी। इस दौरान राजस्थान के मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव और आयुक्त कॉलेज शिक्षा के समक्ष कॉलेज की उपलब्धियों का प्रेजेंटेशन दिया गया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी हुआ, जिसमें प्रदेश के सभी 639 महाविद्यालयों के प्राचार्य जुड़े थे।
37 शोध पर्यवेक्षक, 146 शोधार्थी और पेटेंट की तैयारी
एमएसजे कॉलेज की उपलब्धियों में शोध और नवाचार की भूमिका भी अहम रही है। प्राचार्य डॉ. संजय कुमार के अनुसार कॉलेज में 37 शोध पर्यवेक्षकों के निर्देशन में 146 शोधार्थी शोध कार्य कर रहे हैं।
कॉलेज के गणित विभाग के डॉ. धर्मेन्द्र सिंह ने आईआईटी खड़गपुर के साथ मिलकर एक डिवाइस विकसित की है। इसके पेटेंट की प्रक्रिया का पहला चरण पूरा हो चुका है। वहीं, रसायन शास्त्र विभाग के डॉ. रविन्द्र सिंह ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) से 18.11 लाख रुपये का प्रोजेक्ट स्वीकृत कराया है। इसके तहत वेस्ट वाटर में मौजूद प्रदूषक यौगिकों की पहचान कर उन्हें अलग करने के लिए एग्रोसल कार्बन यौगिक विकसित किया गया है। इसके पेटेंट की प्रक्रिया भी चल रही है।
कॉलेज में फ्रेंच भाषा का कोर्स भी होगा शुरू
शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में कॉलेज में फ्रेंच भाषा का कोर्स भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। इसके अलावा नई किरण नशा मुक्ति केंद्र, उड़ान योजना, राज्य महिला नीति, एनएसएस, रेंजर्स-रोवर, इंटर्नशिप, एनसीसी, खेलकूद, वाचनालय और मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। कॉलेज में इन गतिविधियों के साथ अन्य नवाचार भी किए जा रहे हैं।
मुख्य सचिव ने दूसरे कॉलेजों को भी दिया यह निर्देश
कार्यक्रम में कॉलेज की प्रस्तुति की सराहना करते हुए मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी महाविद्यालयों को बेस्ट प्रैक्टिसेज की तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉलेजों के स्थापना दिवस आयोजित करने और इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले फैकल्टी सदस्यों व विद्यार्थियों को सम्मानित करने की बात कही। साथ ही हर महीने पांच कॉलेजों का प्रेजेंटेशन रखने, NAAC करवाकर रैंकिंग में सुधार लाने और शैक्षणिक गुणवत्ता बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। इस उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने कॉलेज के सभी संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने इस पहल के लिए आयुक्त कॉलेज शिक्षा राजस्थान नथमल डिडेल का आभार भी व्यक्त किया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
राजस्थान में न्यायिक महकमे में बड़ा फेरबदल, 20 जजों को नई जिम्मेदारी, जानिए किसे कहां मिली कमान
