मथुरा में चांदी कारोबारी की लूट के बाद हत्या | सोते समय कनपटी में गोली मारकर बदमाश फरार, घर में मिला खून से लथपथ शव

मथुरा (Mathura) के गोविंद नगर थाना क्षेत्र में चांदी कारोबारी सतीश चंद्र गर्ग की लूट के बाद गोली मारकर हत्या (Murder)। सोते समय कनपटी में मारी गोली, पुलिस ने पांच टीमें गठित कीं।

मथुरा 

मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के लाल दरवाजा चौकी के पास शनिवार रात एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। बदमाशों ने चांदी के कारोबार से जुड़े बुज़ुर्ग व्यापारी की पहले लूट की और फिर सोते समय सिर में गोली उतार दी। हत्या के बाद आरोपी खून से सना शव घर में ही छोड़कर फरार हो गए।

रविवार सुबह जब मकान में लंबे समय तक कोई हलचल नहीं दिखी तो किरायदारों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलते ही अंदर का मंजर देख सब दहल गए। फर्श पर खून बिखरा था और बीच वाले हिस्से में रहने वाले सतीश चंद्र गर्ग का शव पड़ा मिला।

सतीश चंद्र गर्ग चांदी खरीदकर उसे पिघलाकर दोबारा बेचने का काम करते थे। चार साल पहले पत्नी रानी के निधन के बाद वे इसी मकान में अकेले रह रहे थे। उनके तीन बेटे बाहर रहते हैं। मकान का निचला और तीसरा हिस्सा किराए पर दिया हुआ था, जबकि बीच के हिस्से में वे स्वयं रहते थे।

जांच में सामने आया कि बदमाश रात के वक्त घर में घुसे और जब सतीश गहरी नींद में थे, तभी कनपटी में गोली मारी गई। गोली आरपार हो गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद लूटपाट कर आरोपी चुपचाप निकल गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वायड को भी मौके पर लगाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि हत्याकांड के खुलासे के लिए पांच अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

ओला-उबर की मनमानी पर ब्रेक | ‘भारत टैक्सी’ की एंट्री, ड्राइवर मालिक, यात्री बेफिक्र

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।