भरतपुर
भरतपुर शहर के अटल बंद थाने से सोमवार सुबह एक पॉक्सो का आरोपी हथकड़ी समेत फरार हो गया। आरोपी थाने में शौचालय जाने के बहाने बाहर निकला और फिर पुलिस को गच्चा देकर मौके से फरार हो गया। इस के बाद थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को रविवार को ही गिरफ्तार किया था।
आरोपी एक नाबालिग बच्ची को अपने साथ बहला फुसलाकर ले गया था। जिसके बाद बच्ची के पिता ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। आरोपी मथुरा जिले में छाता थाना इलाके के चन्दौरी गांव का निवासी है।
सीओ सिटी सतीश वर्मा ने बताया कि शहर की एक कॉलोनी के निवासी ने आरोपी कल्याण सिंह के खिलाफ उसकी नाबालिग बेटी को भगाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। आरोपी नाबालिग बच्ची का मुंहबोला मामा बताया जा रहा है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने बच्ची को हरियाणा के करनाल से बरामद करने के बाद आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उसे थाने लाया गया था, जहां वह आज सुबह करीब सवा छह बजे पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। साथ ही उसके यूपी स्थित निवास पर एक टीम को रवाना किया गया है।