भरतपुर का सारस चौराहा धधका | कोयले से भरा ट्रेलर पलटा, केबिन में फंसे चालक की जिंदा जलकर मौत

भरतपुर (Bharatpur) के सारस चौराहे पर कोयले से भरा ट्रेलर पलटने के बाद भीषण आग लग गई। केबिन में फंसे चालक विरदी चंद गुर्जर की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

भरतपुर 

देर रात शहर के व्यस्ततम सारस चौराहे पर ऐसा मंजर दिखा, जिसे देखने वालों की रूह कांप गई। आगरा से जयपुर की ओर जा रहा कोयले से भरा एक ट्रेलर सारस मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और पलट गया। टक्कर के साथ ही सड़क पर डीजल फैल गया, चिंगारी लगी और देखते ही देखते पूरा ट्रेलर आग के गोले में तब्दील हो गया।

हादसे में ट्रेलर चालक विरदी चंद गुर्जर केबिन में ही फंस गया। बताया जा रहा है कि उसका पैर केबिन में बुरी तरह जाम हो गया था। बाहर निकलने की जद्दोजहद के बीच आग इतनी तेजी से फैली कि उसे बचने का मौका तक नहीं मिला। लपटें इतनी भयावह थीं कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी पास नहीं जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक अंदर ही तड़पता रहा और अंततः जिंदा जल गया।

प्रत्यक्षदर्शी मोनू ने बताया कि रात करीब 12 बजे ट्रेलर तेज रफ्तार में था। सारस मोड़ पर पहुंचते ही संतुलन बिगड़ा और जोरदार टक्कर के बाद वाहन पलट गया। पलटते ही डीजल सड़क पर फैल गया और कुछ ही सेकंड में आग ने विकराल रूप ले लिया।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सीओ सिटी पंकज यादव ने बताया कि ट्रेलर डिवाइडर से टकराने के बाद पलटा और डीजल में आग लगने से हादसा हुआ। शव को आरबीएम चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा जाएगा।

मौके पर एडिशनल एसपी गणपत महावर और मथुरा गेट थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लोहे का ढांचा तक काला पड़ गया।

हादसे के चलते कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रेलर को हटवाकर रास्ता साफ कराया। फिलहाल जांच की जा रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई या फिर वाहन में किसी तकनीकी खराबी से संतुलन बिगड़ा।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।