हाथरस में PNB कर्मचारी की पत्नी को अनहोनी का डर दिखाकर ठग घर तक पहुंच गए। महिला को बेहोश कर लाखों रुपये के सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
हाथरस: हाथरस में ठगों ने ठगी का ऐसा खतरनाक तरीका अपनाया कि एक महिला न सिर्फ उनके झांसे में आ गई, बल्कि उन्हें खुद अपने घर तक ले गई। बदमाशों ने महिला को आने वाली अनहोनी का डर दिखाया, फिर उसे बेहोश कर लाखों रुपये के सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। पीड़िता पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के कर्मचारी की पत्नी हैं।
‘सुन रहे हो बिनोद…’ बोलते ही छा गए पीएम मोदी, ‘पंचायत’ के कलाकार भी नहीं रोक पाए हंसी
घटना कोतवाली सदर क्षेत्र के चक्की बाजार की है। यहां रहने वाले संजय जैन पंजाब नेशनल बैंक में कर्मचारी हैं। सोमवार शाम उनकी पत्नी रोज की तरह घर से सब्जी खरीदने निकली थीं। घर से कुछ दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे कुछ शातिर बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
‘बहुत बड़ी विपत्ति आने वाली है…’ कहकर जाल में फंसाया
बदमाशों ने महिला से कहा कि उन पर बड़ी अनहोनी आने वाली है, लेकिन उनके पास ऐसा उपाय है जिससे सभी संकट टल जाएंगे। बातों और डर के इस जाल में महिला पूरी तरह फंस गई और खुद ही आरोपियों को अपने घर ले आई। घर पहुंचने के बाद बदमाशों ने कथित तौर पर महिला को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया। महिला बेहोश हो गई और इसी दौरान आरोपी अलमारी में रखे लाखों रुपये के सोने के जेवर समेटकर फरार हो गए।
रात तक घर में बेसुध पड़ी रही महिला
वारदात के बाद महिला कई घंटे तक घर के अंदर अचेत अवस्था में पड़ी रही। रात को जब उनके पति संजय जैन ड्यूटी से घर लौटे तो उन्होंने पत्नी को बेसुध देखा। काफी देर बाद होश आने पर महिला ने पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार के होश उड़ गए और पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV में कैद हुए संदिग्ध
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस का दावा है कि संदिग्ध बदमाशों के चेहरे कैमरों में साफ दिखाई दे रहे हैं और उनकी पहचान की जा रही है।
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
