जयपुर के दौलतपुरा में तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार चार दोस्तों को कुचल दिया। हादसे में दो की मौत हो गई, जबकि दो घायल हुए और उनके पैर कट गए।
जयपुर: दौलतपुरा इलाके में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। एक ही बाइक पर घर लौट रहे चार दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घायलों के एक-एक पैर घुटने के नीचे से कटकर अलग हो गए। पुलिस को दोनों कटे हुए पैर ट्रक के अगले हिस्से में लटके मिले।
हादसे में अवकेश (18) पुत्र रामकिशोर और प्रवीण (10) पुत्र प्रकाश की मौत हुई है। वहीं विकास पुत्र जितेंद्र और शिवम पुत्र बबलू गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को दौलतपुरा थाना पुलिस ने टोल एम्बुलेंस की मदद से जयपुर के SMS अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बहन के घर गए थे चारों दोस्त, सुबह एक ही बाइक से लौट रहे थे
पुलिस के मुताबिक, चारों दोस्त रविवार रात दौलतपुरा रिंग रोड के पास अवकेश की बहन के घर गए थे। सुबह करीब 6:45 बजे चारों एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। वे दौलतपुरा सर्विस रोड पर खेड़वाड़ी पुलिया के नीचे से खेड़वाड़ी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों दोस्त सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक युवक का सिर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा खौफनाक मंजर
हादसे की सूचना मिलते ही दौलतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां दो युवक मृत हालत में पड़े थे, जबकि दो गंभीर रूप से घायल होकर तड़प रहे थे। घायलों के पैर कटकर अलग हो चुके थे। पुलिस ने तुरंत टोल एम्बुलेंस की मदद से चारों को अस्पताल भिजवाया। थानाधिकारी महावीर यादव ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
हरदोई के रहने वाले थे चारों दोस्त
पुलिस के अनुसार, चारों युवक उत्तर प्रदेश के हरदोई के रहने वाले थे और अपने परिवार के साथ जयपुर के हरमाड़ा इलाके के माचड़ा में रहते थे। सभी लोहा मंडी स्थित रबर रिंग फैक्ट्री में काम करते थे। हादसे की जांच जारी है और पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
