नई दिल्ली
दिवाली से लेकर नवरात्र तक का सीज़न ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार (Automobile and Electronics Market) के लिए साल का सबसे बड़ा मौका माना जाता है। लेकिन इस बार उत्सवों से पहले ही बाज़ार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। वजह है— GST कट की संभावना।
देशभर के 15,000 से ज्यादा डीलर्स का प्रतिनिधित्व करने वाले फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर GST स्लैब में बदलाव में और देरी हुई तो इस बार त्योहारी बिक्री में बड़ी गिरावट आ सकती है।
दरअसल, उपभोक्ता अब इंतजार की मुद्रा में हैं। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही GST दरों में कटौती से गाड़ियां, टीवी, एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान सस्ते हो सकते हैं। यही कारण है कि ग्राहक खरीदारी टाल रहे हैं, जिससे डीलर्स की बेचैनी बढ़ गई है।
डीलर्स पर दोहरी मार
FADA ने साफ कहा है कि डीलर्स पहले ही सुस्त बिक्री से परेशान थे और अब GST कट की आशंका ने त्योहारी डिमांड को भी कम कर दिया है। सबसे बड़ी दिक्कत उन डीलर्स की है जिन्होंने बैंक और NBFC से शॉर्ट टर्म चैनल फाइनेंसिंग लेकर भारी स्टॉक खड़ा कर लिया। अब बिक्री न होने पर उन पर ब्याज और क्रेडिट लिमिट का दबाव बढ़ रहा है।
ऑटो कंपनियों की मुश्किलें
ऑटो कंपनियों के लिए यह स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण है। एक तरफ बाज़ार पहले से सुस्त है, दूसरी ओर E20 पेट्रोल के चलते गाड़ियों के माइलेज में 25% तक कमी की आशंका है। ऐसे में खरीदार और ज्यादा सोच-समझकर फैसला ले रहे हैं।
त्योहारी डिमांड पर खतरा
गणेश चतुर्थी से लेकर नवरात्र तक ग्राहकों की खरीदारी कमजोर रहने का अंदेशा है। कई डीलर्स ने नए स्टॉक लेने से भी हाथ खींच लिए हैं। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि जब तक GST पर नई दरें लागू नहीं होतीं, खरीदारी टलती रहेगी।
कंज्यूमर ड्यूरेबल कंपनियों पर असर
गर्मियों में बेमौसम बारिश के चलते एसी और ड्यूरेबल कंपनियां पहले ही नुकसान झेल चुकी हैं। उन्हें अगस्त-सितंबर में बिक्री बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन अब GST के कारण यह भी टलता दिख रहा है। इंडस्ट्री को भरोसा है कि दिवाली और शादी-ब्याह का सीज़न थोड़ी राहत दे सकता है और डिमांड में 15-18% उछाल आ सकता है।
फैसले का इंतजार
FADA ने सरकार से अपील की है कि GST काउंसिल की बैठक तुरंत बुलाई जाए और नए रेट लागू किए जाएं। साथ ही बैंकों को निर्देश दिए जाएं कि डीलर्स को इस अंतराल में अतिरिक्त समय और राहत दी जाए।
स्पष्ट है कि आने वाले 60 दिन ऑटो सेक्टर और कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडस्ट्री दोनों के लिए बेहद कठिन रहने वाले हैं। दिवाली तक राहत ना मिलने पर डीलर्स और कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
पीएम मोदी की डिग्री नहीं होगी सार्वजनिक | दिल्ली हाईकोर्ट ने CIC का आदेश पलटा, कहा- निजता पहले
नई हवा’ की खबरें नियमित और अपने मोबाइल पर डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें
