प्रयागराज (Prayagraj) में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगों (Cyber Fraud) ने बुजुर्ग महिला से 1.20 करोड़ ठगने की कोशिश की, लेकिन पीएनबी (PNB) अधिकारियों की सतर्कता से पूरी रकम बच गई।
प्रयागराज
फोन की घंटी बजी… दूसरी तरफ से कानून का डर, कार्रवाई की धमकी और एक शब्द—डिजिटल अरेस्ट। डर इतना कि एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग महिला अपनी पूंजी लुटाने बैंक तक पहुंच गई। लेकिन इस बार किस्मत और सिस्टम दोनों साथ थे। पीएनबी सिविल लाइंस शाखा में बैठे अफसरों ने समय रहते साइबर ठगों की स्क्रिप्ट फाड़ दी।
दोपहर के वक्त बुजुर्ग महिला चंचल श्रीवास्तव पीएनबी शाखा पहुंचीं। बिना किसी हिचक के उन्होंने बैंक स्टाफ से कहा—
“1 करोड़ 20 लाख रुपये इस अकाउंट में ट्रांसफर कर दीजिए।”
रकम बड़ी थी, चेहरा डरा हुआ और जवाब तैयार—यहीं से बैंक कर्मियों को खतरे की घंटी सुनाई दी।
फ्रंट ऑफिस स्टाफ ने पल भर की देरी किए बिना चीफ मैनेजर विपिन कुमार को सूचना दी। बातचीत शुरू हुई तो साफ दिखा कि महिला भारी मानसिक दबाव में है। संदेह और पुख्ता हुआ, जब पता चला कि जिस खाते में पैसे जाने थे, वह कोटक महिंद्रा बैंक का करंट अकाउंट है—
👉 हाल ही में अक्टूबर में खुला
👉 झारखंड के रांची का पता
यहीं मामला पूरी तरह खुल गया।
पीएनबी प्रबंधन ने तुरंत साइबर क्राइम थाना पुलिस को जोड़ा। महिला को घंटों बातचीत में उलझाए रखा गया ताकि ठगों को वक्त न मिले। इसी दौरान बैंक मैनेजर ने महिला के विदेश में रह रहे बेटे से संपर्क साधा। सच्चाई सामने आते ही साफ हो गया—यह एक डिजिटल अरेस्ट स्कैम था।
हालांकि प्रक्रिया के तहत एफडी तुड़वाई गई, लेकिन बैंक ने एक भी रुपया ठगों के खाते में जाने नहीं दिया। बुजुर्ग महिला, जो एक समय शिक्षिका थीं, उनके सेविंग, एफडी और सीनियर सिटीजन अकाउंट में कुल 1 करोड़ 27 लाख रुपये जमा थे—जो चंद मिनटों में उड़ सकते थे।
पीएनबी के जोनल महाप्रबंधक दीपक सिंह ने इस कार्रवाई को बैंकिंग सिस्टम की जीत बताया। उन्होंने कहा कि आरबीआई और पीएनबी की सख्त गाइडलाइंस के कारण बड़े अमाउंट के लेन-देन में जांच अनिवार्य है—और इसी सतर्कता ने एक परिवार की जिंदगी भर की कमाई बचा ली।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
सरकारी बैंक का सीनियर मैनेजर ₹3 करोड़ लेकर फरार, ऐसे किया गड़बड़झाला
2026 में कौन-सा त्योहार कब पड़ेगा, जानिए महीना-दर-महीना पूरा शेड्यूल
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
