राजस्थान में नए साल पर IAS, IPS, IFS और RPS अधिकारियों को प्रमोशन का तोहफा। ACS, ADG और RPS में पदोन्नति के आदेश 1 जनवरी 2026 से होंगे लागू।
जयपुर
नए साल की दस्तक के साथ ही राजस्थान की अफसरशाही में हलचल तेज हो गई। सरकार ने साल के पहले ही दिन कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को ऊंची कुर्सियों पर बैठाने का फैसला किया। कार्मिक विभाग के आदेशों ने साफ कर दिया कि 1 जनवरी 2026 से राज्य का प्रशासनिक और पुलिस ढांचा नई शक्ल में नजर आएगा।
IAS कैडर में सबसे बड़ा बदलाव शीर्ष स्तर पर हुआ है। लंबे समय से सरकार की कोर मशीनरी संभाल रहे अजिताभ शर्मा, आलोक गुप्ता, दिनेश कुमार और राजेश कुमार यादव को अब अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है। इन्हें मुख्य सचिव के वेतनमान में लाकर यह संकेत दिया गया है कि अब नीति और फैसलों की टेबल पर इनकी भूमिका और निर्णायक होगी।
सरकारी बैंक का सीनियर मैनेजर ₹3 करोड़ लेकर फरार, ऐसे किया गड़बड़झाला
पुलिस मुख्यालय में भी रैंक बढ़ी है। वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रफुल्ल कुमार और राघवेन्द्र सुहासा को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। मैदानी अनुभव और विभागीय पकड़ रखने वाले इन अधिकारियों के प्रमोशन को पुलिस प्रशासन के लिए मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है।
सचिवालय स्तर पर भी कुर्सियां बदली हैं। नवीन जैन और कृष्ण कांत पाठक को सचिव पद से आगे बढ़ाकर प्रमुख सचिव बनाया गया है। यह प्रमोशन सुपर टाइम स्केल से अबोव सुपर टाइम स्केल में हुआ है, जिससे दोनों अधिकारियों का कद सीधे शीर्ष प्रशासनिक पंक्ति में शामिल हो गया है।
वन विभाग में भी नए साल की सौगात मिली है। राजस्थान कैडर के 2012 बैच के IFS अधिकारियों को वरिष्ठता के आधार पर उच्च वेतनमान दिया गया है। डॉ. कविता सिंह, अजय चित्तौड़ा, अशोक कुमार महरिया, हरि किशन सारस्वत और देवेंद्र प्रताप जागावत को अब पे मैट्रिक्स लेवल-13A में प्रमोट किया गया है।
मैदानी पुलिस बल में भी बड़ा बदलाव हुआ है। राज्य के 44 पुलिस इंस्पेक्टरों को राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) में शामिल किया गया है। गृह विभाग के संयुक्त शासन सचिव आनंदी लाल वैष्णव के आदेश से जारी इस सूची में जयपुर ग्रामीण के चौमूं थाने के SHO प्रदीप शर्मा का नाम भी है। प्रमोशन के साथ ही वे अब डिप्टी रैंक के अधिकारी बन गए हैं।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
2026 में कौन-सा त्योहार कब पड़ेगा, जानिए महीना-दर-महीना पूरा शेड्यूल
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
