डीग जिले के मवई गांव में मामूली विवाद के बाद युवक ने धमकी देकर एक घंटे बाद महिला गीता की उसकी बेटी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी पुलिस हिरासत में है।
डीग। ‘एक घंटे में तुम सबको जान से मार दूंगा…’ यह धमकी सुनकर परिवार ने शायद इसे गुस्से में कही गई बात समझा था, लेकिन ठीक एक घंटे बाद वही धमकी खूनी सच बन गई। डीग जिले के जनूथर थाना क्षेत्र के मवई गांव में एक युवक ने मामूली कहासुनी का ऐसा खौफनाक अंत किया कि बेटी की आंखों के सामने उसकी मां की गोली मारकर हत्या कर दी।
रविवार सुबह मवई गांव में पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। मृतका गीता अपने पति के साथ घर के बाहर मौजूद थी। परिजनों के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला युवक अक्सर उनके घर के गेट के सामने खड़ा रहता था। रविवार को जब गीता और उसके पति ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
एक थप्पड़ पड़ा… और हत्या की कसम खा ली
विवाद बढ़ने पर गीता ने युवक को थप्पड़ मार दिया। इससे बौखलाए आरोपी ने जाते-जाते पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। परिवार को लगा कि मामला यहीं शांत हो जाएगा, लेकिन आरोपी बदला लेने की ठान चुका था।
करीब एक घंटे बाद वह अवैध कट्टा लेकर गांव की उसी सड़क पर पहुंचा, जहां से गीता अपनी बेटी के साथ खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रही थी।
रास्ता रोका… कट्टा ताना… और ट्रिगर दबा दिया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने दोनों का रास्ता रोक लिया। बेटी कुछ समझ पाती, उससे पहले ही उसने गीता पर निशाना साधकर गोली चला दी। गोली लगते ही गीता सड़क पर गिर पड़ी और चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। बेटी मां को बचाने के लिए चीखती रही, लेकिन आरोपी मौके से भाग निकला।
परिजन और ग्रामीण गंभीर रूप से घायल गीता को तुरंत भरतपुर के आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे मवई गांव में तनाव का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या में इस्तेमाल हथियार, घटना के कारण और अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-सी कहासुनी और गुस्से का अनियंत्रित विस्फोट किस तरह कुछ ही मिनटों में एक परिवार की दुनिया उजाड़ सकता है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
