आगरा में तमिलनाडु एक्सप्रेस के ट्रॉली बैग से मानव शरीर के 12 टुकड़े मिले। पोस्टमार्टम में हत्या के बाद शव काटने की पुष्टि, चेन्नई CCTV में युवक-युवती संदिग्ध।
आगरा। तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में रखा वह ट्रॉली बैग जब खुला तो यात्रियों के होश उड़ गए। बैग से खून रिस रहा था और उसके भीतर इंसान के शरीर के टुकड़े भरे थे। यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक बेहद क्रूर हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की साजिश थी।
अब 72 घंटे बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस हत्याकांड की भयावहता और बढ़ा दी है। डॉक्टरों के मुताबिक, शव को किसी कटर से काटकर 12 टुकड़ों में बांटा गया था। बरामद अंगों में एक पैर और छाती का हिस्सा भी शामिल है। पुलिस को आशंका है कि मृतक की पहचान छिपाने के लिए सिर को भी अलग कर कहीं ठिकाने लगाया गया।
पहले हत्या… फिर कटर से शव के टुकड़े
फोरेंसिक जांच में सामने आया है कि बरामद मानव अंग पूरे शरीर का करीब एक तिहाई हिस्सा हैं। यानी हत्या के बाद शव के बाकी हिस्सों को भी अलग-अलग तरीके से ठिकाने लगाए जाने की आशंका है।
ट्रॉली बैग से मिले कुछ दांत भी पुलिस के हाथ लगे हैं। इनकी जांच से मृतक की उम्र का अनुमान लगाने में मदद मिलेगी। फिलहाल डॉक्टरों ने मृतक की उम्र करीब 17 से 25 वर्ष के बीच होने का अनुमान लगाया है। सबसे बड़ा सवाल अभी भी यही है कि आखिर किसकी हत्या हुई और इतनी बेरहमी से शव के टुकड़े क्यों किए गए?
खून से भरा बैग ट्रेन में छोड़कर गायब
5 अगस्त को चेन्नई से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में यह ट्रॉली बैग मिला था। बैग से खून बाहर निकल रहा था। एक यात्री की नजर पड़ी तो उसने शोर मचा दिया। इसके बाद यात्रियों ने रेलवे पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बैग खोला तो अंदर का मंजर देखकर सन्न रह गई। बैग में इंसानी शरीर के टुकड़े थे। बैग पर चेन्नई का रैपर और टैग लगा हुआ था। यहीं से जांच की कड़ी चेन्नई तक पहुंची।
अब CCTV ने बढ़ाया सस्पेंस—कौन थे वो दो लोग?
आगरा जीआरपी की टीम चेन्नई पहुंची और रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज खंगाले। यहीं पुलिस को इस हत्याकांड में एक बड़ा सुराग मिला। फुटेज में एक युवक और युवती ट्रॉली बैग के साथ नजर आए। दोनों उसी बैग को लेकर स्टेशन पर आते दिखाई दिए, जिसे बाद में तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में रखा गया था।
युवती सफेद डिजाइनर टॉप और नीली जींस में है, जबकि युवक पैंट-शर्ट पहने हुए है। पुलिस दोनों की पहचान कराने में जुटी है।
बैग घसीटा नहीं, उठाकर ले गए थे
CCTV में एक और बात ने पुलिस का शक गहरा कर दिया। ट्रॉली बैग को पॉलीथिन से इस तरह पैक किया गया था कि उसे पहियों पर खींचने के बजाय दोनों उसे उठाकर ले जाते दिख रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों एक पैसेंजर ट्रेन से शव से भरा ट्रॉली बैग लेकर आए थे। इसके बाद बैग को तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में रख दिया गया। इसके बाद ट्रेन चल पड़ी और हत्याकांड का यह खौफनाक राज आगरा में जाकर खुला।
मृतक कौन था, हत्या कहां हुई—दो बड़े सवाल
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। DNA सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या कहां की गई और शव के बाकी हिस्सों को कहां-कहां ठिकाने लगाया गया। CO जीआरपी राजेश दीक्षित के मुताबिक, बैग किसने और कहां रखा, इसकी जांच की जा रही है। मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। अभी शहर में किसी अन्य स्थान से मानव अंग मिलने की सूचना नहीं है।
जीआरपी ने फिलहाल हत्या, साक्ष्य मिटाने और साजिश की धाराओं में केस दर्ज किया है। अब पुलिस की नजर चेन्नई रेलवे स्टेशन के उन CCTV फुटेज पर है, जिनमें बैग के साथ दिखाई दे रहे युवक और युवती इस खौफनाक हत्याकांड की सबसे अहम कड़ी बन गए हैं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
