भरतपुर के रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय में राजस्थान राज्य महिला नीति-2021 के तहत पौधारोपण कार्यक्रम हुआ। छात्राओं ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
भरतपुर। रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय, भरतपुर में सोमवार को पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। राजस्थान राज्य महिला नीति-2021 के तहत महिला अध्ययन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के पीछे स्थित पार्क में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. उर्मिला मीणा की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान पीपल, नीम, जामुन, आंवला, बरगद, शहतूत, पापड़ी, लिसोड़ा, कनेर और सहजन सहित छायादार, फलदार एवं औषधीय गुणों वाले पौधे लगाए गए। पौधारोपण के साथ ही प्राचार्य डॉ. उर्मिला मीणा ने केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहने, बल्कि उनके संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी सभी संकाय सदस्यों और छात्राओं को दिलाया।
‘एक पौधा सौ पुत्र समान’, छात्राओं ने दिया हरियाली का संदेश
महिला अध्ययन प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. निशा गोयल ने कहा कि एक पौधा सौ पुत्र समान है। पौधे जीवन का आधार हैं, इसलिए केवल पौधे लगा देना ही पर्याप्त नहीं है। उनकी नियमित देखभाल और पालन-पोषण भी उतना ही जरूरी है।
इस दौरान छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर नारे भी लगाए। ‘हरियाली लाओ, प्रदूषण भगाओ’ और ‘धरती को यदि बचाना है, अधिक पेड़ लगाना है’ जैसे नारों के जरिए पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
ये रहे मौजूद
पौधारोपण कार्यक्रम में डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, डॉ. अंजू पाठक, डॉ. लालाशंकर गयावाल, डॉ. रेखा देवी शर्मा, डॉ. कविता आचार्य, डॉ. अलका गोयल, डॉ. लक्ष्मी गुप्ता, डॉ. जयराम (विशेष सहयोग), सुश्री अंजू मीणा, हरीश कुमार स्वर्णकार और नीरज सिंह राठौड़ सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
