जयपुर के सांगानेर स्टेडियम के पास तेज रफ्तार कार ने भरतपुर निवासी परिवार की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पिता और 3 साल की बेटी की मौत, मां-बेटा गंभीर घायल।
जयपुर। जयपुर में रविवार आधी रात के बाद करीब साढ़े बारह बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे ने भरतपुर के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सांगानेर स्टेडियम के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता और उसकी महज 3 साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर परिवार के सदस्यों के साथ मांस के टुकड़े तक बिखर गए।
हादसा सांगानेर स्टेडियम के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, भरतपुर निवासी और वर्तमान में दुर्गापुरा, जयपुर में रह रहे विष्णु (35) अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक समेत पूरा परिवार सड़क पर काफी दूर जाकर गिरा। हादसे में विष्णु और उनकी 3 साल की बेटी सृष्टि गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि बेटा भी गंभीर रूप से घायल है। दोनों का SMS हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
परिवार को कुचलने के बाद भागा, रास्ते में 6 वाहनों को मारी टक्कर
हादसे के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय भागने लगा। पुलिस के अनुसार, सांगानेर थाने की ओर भागते समय LMB चौराहे के पास एक स्कूटी समेत करीब छह अन्य वाहनों को भी कार ने टक्कर मार दी।
एक के बाद एक वाहनों को टक्कर मारते हुए कार चालक फरार होने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी करवाई और कार का पीछा शुरू किया। पुलिस ने हल्दीघाटी गेट के पास कार को रोककर ड्राइवर को पकड़ लिया।
अस्पताल पहुंचाया तो पिता-बेटी की मौत हो चुकी थी
मालपुरा गेट थाने के SHO उदयभान यादव ने बताया कि पुलिस ने हादसे के बाद सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े परिवार के चारों सदस्यों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने विष्णु और उनकी बेटी श्रृष्टी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों के शव जयपुरिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाए हैं। घायल मां और बेटे का SMS हॉस्पिटल में उपचार जारी है।
पुलिस ने हादसे में शामिल कार को जब्त कर लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों के साथ कार चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
