ग्रेटर नोएडा के PNB बैंक में करोड़ों के घोटाले का खुलासा; शातिर कर्मचारियों ने ग्राहकों की FD तोड़कर उड़ाई रकम, खाते में बचे सिर्फ 16 रुपये। मैनेजर समेत 5 सस्पेंड, FIR दर्ज। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस मामले में 35 करोड़ रुपये से अधिक की अनियमितता की आशंका जताई जा रही है। पूरी खबर पढ़ें।
ग्रेटर नोएडा: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से जुड़ा एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आपके पैरों तले जमीन खिसक जाएगी। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पीएनबी ब्रांच में खाताधारकों की गाढ़ी कमाई पर बैंक के ही ‘भितरघातियों’ ने ऐसा डाका डाला कि बैंक खातों का बैलेंस देखकर ग्राहकों के होश उड़ गए। शातिर कर्मचारियों ने चुपके से ग्राहकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ठिकाने लगा दी। मामला खुला तो हड़कंप मच गया और बैंक प्रबंधन को तुरंत ऐक्शन लेते हुए ब्रांच मैनेजर समेत 5 कर्मचारियों को सस्पेंड करना पड़ा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस मामले में 35 करोड़ रुपये से अधिक की अनियमितता की आशंका जताई जा रही है।
खाते में थे 94 लाख, बचे सिर्फ 16 हजार
खबर फैलते ही ग्राहकों में खलबली मच गई और अपनी जमा पूंजी को लेकर सवाल उठाने लगे। ग्रेटर नोएडा के बिरोंडी गांव के रहने वाले गौतम के साथ जो हुआ, वह किसी फिल्मी घोटाले से कम नहीं है। गौतम के पिता का खाता इसी PNB ब्रांच में है। परिवार को अचानक 50 हजार रुपये की जरूरत पड़ी, तो गौतम बैंक पैसे निकालने पहुंच गए। फॉर्म भरकर देने पर बैंक कर्मचारियों ने जो जवाब दिया, उसने गौतम के होश उड़ा दिए—कर्मचारियों ने कहा कि खाते में पर्याप्त पैसे ही नहीं हैं! जब बैंक रिकॉर्ड खंगाले गए, तो पता चला कि जिस खाते में 94 लाख रुपये होने चाहिए थे, उसमें महज 16,000 रुपये ही बचे हैं!
जेवर एयरपोर्ट के मुआवजे के 1.29 करोड़ भी साफ
घोटाले की आग यहीं नहीं रुकी। एक अन्य पीड़ित परिवार ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट के लिए हुई जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के तौर पर उनकी मां के खाते में 1 करोड़ 29 लाख रुपये आए थे। परिवार ने इसमें से 10-12 लाख रुपये निकाल भी लिए थे, जिसके हिसाब से खाते में करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपये होने चाहिए थे। लेकिन जब वे बैंक पहुंचे, तो पता चला कि खाते में एक फूटी कौड़ी (शून्य) भी नहीं बची है। जब पीड़ितों ने हंगामा किया, तो बैंक अधिकारियों ने उन्हें 10 से 15 दिन के भीतर पैसे वापस मिलने का रटा-रटाया आश्वासन देकर टालने की कोशिश की।
पुलिस-प्रशासन में खलबली, 16 लोगों की शिकायत पर FIR दर्ज
मामला तूल पकड़ता देख नोएडा पुलिस कमिश्नरेट हरकत में आ गया है। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, थाना बीटा-2 क्षेत्र के इस बैंक घोटाले में अब तक 16 लोग लिखित शिकायत लेकर सामने आ चुके हैं।
किस पर गिरी गाज? बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए शाखा प्रबंधक और अन्य लापरवाह कर्मचारियों समेत कुल 5 लोगों को सस्पेंड कर दिया है और ब्रांच में नया स्टाफ तैनात कर दिया है।
कानूनी शिकंजा: पुलिस ने पैसा गबन (Embezzlement) की गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। पूरे मामले की जांच एसीपी ग्रेटर नोएडा को सौंपी गई है, और सूत्रों की मानें तो इस हाई-प्रोफाइल स्कैम की जांच जल्द ही आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को ट्रांसफर की जा सकती है।
फिलहाल बैंक की तरफ से कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है, जिससे यह साफ नहीं हो पाया है कि कुल कितने करोड़ रुपये का यह पूरा खेल खेला गया है और इन पैसों को किन-किन खातों में ट्रांसफर किया गया है। लेकिन पंजाब नेशनल बैंक के चीफ मैनेजर राजेश निगम ने भरोसा दिलाया कि सभी का पैसा मिलेगा और मामले की जांच की जा रही है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
राजस्थान के 19 RAS अधिकारियों को जिलों में मिली नई जिम्मेदारी, इन जिलों में करेंगे फील्ड ट्रेनिंग
