धौलपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो भाइयों को कुचला, दोनों की मौत, ट्रैक्टर में फंसी बाइक पर दूर तक घिसटते चले गए | गुस्साई भीड़; ट्रैक्टर चालक को जिन्दा जलाने की कोशिश

धौलपुर 

मनियां-बसई नवाब मार्ग पर सखवारा के पास पीपरीपुरा में शुक्रवार सुबह बाइक से स्कूल जा रहे दो भाइयों को बजरी खाली कर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। बाइक ट्रैक्टर के पहियों में फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। इससे बाइक सवार दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साई  भीड़ ने ट्रैक्टर चालक और उसके दो साथियों को जिन्दा जलाने की कोशिश की।

शुक्रवार सुबह महानंदपुरा निवासी रामलखन अपने छोटे भाई सौरभ को स्कूल छोडऩे रमगड़ा जा रहा था। सौरभ 12वीं का छात्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान ट्रैक्टर ने सखवारा के पास पीपरीपुरा पर बाइक को चपेट में ले लिया।

ट्रैक्टर चालक और साथियों को कड़बी पर लिटा डीजल छिड़क दिया
घटना के बाद आस-पास जमा हुए लोगों में हादसे के बाद गुस्सा फूट पड़ा और ट्रैक्टर चालक और पीछे बाइक से आ रहे उसके दो साथियों को पकड़ लिया और जमकर मारपीट की। गुस्साए लोगों ने तीनों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद तीनों को कड़बी पर लिटा डीजल छिड़क जिंदा जलाने की कोशिश की। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस पर लोगों ने बजरी माफिया को छोड़ दिया।

ग्रामीणों ने लगाया जाम
घटना के बाद लोगों ने शव रखकर मनियां-बसई नवाब मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बच्चन सिंह मीना, सीओ धौलपुर प्रवेन्द्र महला, सीओ सैंपऊ विजय सिंह, कोलारी थाना प्रभारी नरेश पोसवाल, मनियां थाना प्रभारी सुमन कुमार, कंचनपुर थाना प्रभारी देवेन्द्र शर्मा, सैंपऊ थाना प्रभारी परमजीत सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी अध्यात्म गौतम, निहालगंज थाना प्रभारी बाबूलाल सहित बड़ी मात्रा में पुलिस जाप्ता घटनास्थल पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझा कर जाम खुलावाया। पुलिस ने ट्रेक्टर चालक व उसके साथियों खरगपुर निवासी पंजाब सिंह, महेश व एसबीर को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत ने बताया कि दुर्घटना में खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार दो भाइयों की मौत हुई है। गुस्साए ग्रामीण ट्रैक्टर चालक व उसके साथियों को जिंदा जलाने वाले थे। पुलिस के समय पर पहुंचने से बड़ी घटना टल गई।

क्या आपने ये खबरें भी पढ़ीं?