जयपुर में 44वां इंडस्ट्री–अकाडमिया इंटरफेस कार्यक्रम आयोजित हुआ। शिक्षा और उद्योग के बीच सहयोग, स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट और रिसर्च पर विशेषज्ञों ने चर्चा की।
जयपुर
शिक्षा जगत (अकाडमिया) और उद्योग के बीच सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, भारद्वाज फाउंडेशन जयपुर, रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3056 तथा ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (GIT), सीतापुरा जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में 44वां राष्ट्रीय स्तर का “इंडस्ट्री–अकाडमिया इंटरफेस” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का विषय था— ‘उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के इंटरफेस का महत्व’। इस अवसर पर उद्योग, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्रों के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने भाग लेकर शिक्षा और उद्योग के बीच के अंतर को कम करने पर विस्तार से चर्चा की।
शिक्षा और उद्योग के बीच सेतु बनाने पर जोर
कार्यक्रम के संयोजक रोटेरियन डॉ. पी. एम. भारद्वाज, संस्थापक अध्यक्ष भारद्वाज फाउंडेशन एवं चेयरमैन डिस्ट्रिक्ट स्किल डेवलपमेंट कमेटी (RID 3056) ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए शिक्षा और उद्योग के बीच सतत संवाद और सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन उपस्थिति ब्रांड एम्बेसडर डॉ. डी. पी. शर्मा की उपस्थिति में स्वच्छ भारत अभियान, यातायात नियमों के पालन और सच्ची विद्या ग्रहण करने की शपथ भी दिलवाई।
ऑनलाइन संबोधन में डॉ. डी. पी. शर्मा के विचार
डॉ. डी. पी. शर्मा ने कहा कि भारत में रिसर्च एंड डेवलपमेंट केवल उद्योग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि शिक्षा संस्थानों को भी इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने सरकारी और निजी उपक्रमों के बीच मौजूद “इन्फीरियरिटी और सुपीरियरिटी मानसिकता” को खत्म करने पर जोर दिया।
43 सफल कार्यक्रमों की श्रृंखला
डॉ. भारद्वाज ने बताया कि इस श्रृंखला के अंतर्गत अब तक 43 राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम देश के प्रमुख संस्थानों—मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर, जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी, डॉ. के.एन. मोदी यूनिवर्सिटी (निवाई), स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, एमएनआईटी जयपुर, राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी, बीकानेर टेक्निकल यूनिवर्सिटी, AICTE तथा आर्य ग्रुप ऑफ कॉलेज—में सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।
प्रमुख अतिथि और विशिष्ट उपस्थितियां
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि रहे—
- डॉ. के. एल. जैन (अध्यक्ष, राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री)
- कार्यक्रम अध्यक्ष रोटेरियन प्रज्ञा मेहता (डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, RID 3056)
- डॉ. डी. पी. शर्मा (इंटरनेशनल डिजिटल डिप्लोमेट एवं लीड ऑथर, यूनेस्को)
विशिष्ट अतिथियों में शामिल रहे—
- बृज बिहारी शर्मा (मानद महासचिव, राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री)
- रोहित झालानी (महाप्रबंधक, KEC इंटरनेशनल लिमिटेड)
- रोटेरियन ईआर पी. सी. सांघी (पूर्व अध्यक्ष, द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स)
- अजय गुप्ता (सेवानिवृत्त IFS अधिकारी)
स्टार्टअप और पर्यावरण पर चर्चा
डॉ. सीताराम गुप्ता (संस्थापक, गौ माया) ने पर्यावरण संरक्षण पर विचार रखे, जबकि शिवा गौड़ ने स्टार्टअप्स पर प्रेरणादायक जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंट्स लिमिटेड, जीनस इन्फ्राट्रक्चर्ड प्रा. लि., वोडाफोन आइडिया लिमिटेड, कमानी इंटरनेशनल, रेज पावर, ग्रेविटा इंटरनेशनल, पोद्दार पिगमेंट्स और प्रताप टेक्नोक्रिएट जैसी कंपनियों के एचआर प्रमुखों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
बड़ी घोषणा और उपलब्धि
इस अवसर पर घोषणा की गई कि भारद्वाज फाउंडेशन की इस पहल को “डिस्ट्रिक्ट-लेवल नेशन बिल्डिंग प्रोग्राम” के रूप में मान्यता दी गई है। साथ ही यह भी बताया गया कि फाउंडेशन देश का पहला एनजीओ बन गया है जिसने 44 इंडस्ट्री–अकाडमिया इंटरफेस कार्यक्रम आयोजित किए हैं।
ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के डायरेक्टर नमन कंदोई ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन में लगभग 400 विद्यार्थियों, शिक्षाविदों और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया और इसे राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक सफल पहल बताया गया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
बैंक की एक लाइन… और कब्र तक पहुंच गया भाई! | 20 हजार के लिए बहन का कंकाल कंधे पर रख बैंक में जा धमका
अब नहीं आएगा बुढ़ापा? | शरीर की ‘एजिंग मशीन’ बंद करने वाली जीन दवा पर बड़ा खुलासा
नई हवा’ की खबरें नियमित और अपने मोबाइल पर डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें
