कमरे में मिली युवती की लाश, ट्रैक पर मिला इंजीनियर… कुछ घंटों में ऐसे खुली गुरुग्राम की डबल डेथ मिस्ट्री की पूरी कहानी,फोन नहीं उठने पर शुरू हुई तलाश ने राज सामने ला दिया

गुरुग्राम में युवती का फोन बंद होने पर खुला हत्या का मामला। कमरे में युवती का शव मिला, जबकि कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक पर सॉफ्टवेयर इंजीनियर का शव बरामद हुआ। पुलिस हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका पर जांच कर रही है।

गुरुग्राम: एक फोन कॉल से शुरू हुई तलाश ने गुरुग्राम में कुछ ही घंटों के भीतर दो मौतों की ऐसी कहानी सामने ला दी, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। पहले किराए के कमरे में एक युवती का खून से लथपथ शव मिला, फिर जांच आगे बढ़ी तो रेलवे ट्रैक पर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर का शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि युवक ने पहले युवती की हत्या की और फिर खुद ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। हालांकि दोनों के रिश्ते और घटना के पीछे की वजह का खुलासा अभी जांच के बाद ही होगा। घटना की कड़ियां तीन प्रदेशों से जुड़ी हुई हैं। 

दवा खरीदने से पहले पढ़ लें ये खबर! सरकार ने 39 जरूरी दवाओं की कीमत तय की, अब MRP से ज्यादा वसूली नहीं; डायबिटीज, BP और दिल के मरीजों को बड़ी राहत | यहां देखें पूरी लिस्ट

 मामले की शुरुआत तब हुई, जब उत्तर प्रदेश में रहने वाले युवती इशाका के परिजनों ने गुरुग्राम में सेक्टर-56 थाना पुलिस को सूचना दी कि काफी देर से उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। फोन लगातार बंद जा रहा था, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस सेक्टर-55 स्थित उसके किराए के फ्लैट पर पहुंची।

कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी को कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा खुलवाया। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। कमरे में इशाका का शव खून से लथपथ पड़ा था। शुरुआती जांच में सामने आया कि उसकी चाकू से कई वार कर हत्या की गई थी। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और जांच शुरू कर दी गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से पहले 25 वर्षीय श्रेष्ठ मलिक युवती से मिलने आया था। श्रेष्ठ मूल रूप से छत्तीसगढ़ के भिलाई (जिला दुर्ग) का रहने वाला था और गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करता था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी ही थी कि इसी बीच सूचना मिली कि गुरुग्राम के रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला है।

जीआरपी की जांच में शव की पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई। ट्रेन की चपेट में आने से उसके शव के दो हिस्से हो चुके थे। इसके बाद दोनों घटनाओं के बीच कड़ी जुड़ती चली गई। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि श्रेष्ठ ने पहले इशाका की हत्या की और फिर रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर आत्महत्या कर ली।

हालांकि पुलिस अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। सेक्टर-56 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि दोनों के संबंधों की प्रकृति, हत्या की वजह और घटनाक्रम की पूरी टाइमलाइन की जांच की जा रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आधिकारिक रूप से किसी निष्कर्ष की पुष्टि की जाएगी।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

लेंस पहनकर सो गए? सुबह उठते ही हो सकती है जिंदगी की सबसे बड़ी गलती | डॉक्टर बोले- 5 मिनट की जल्दबाजी आंखों की रोशनी तक छीन सकती है

क्या हाई BP बदल सकता है आपका स्वभाव? | नई स्टडी का दावा- दिल ही नहीं, दिमाग और पर्सनैलिटी पर भी पड़ सकता है असर

मुसीबत में हैं तो याद रखें सिर्फ 5 अंक… 14490 | महिलाओं के लिए 24 घंटे खुली रहेगी मदद की लाइन, शिकायत से काउंसलिंग तक मिलेगी सहायता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *