भरतपुर के पूर्व सांसद पंडित रामकिशन के 100 वर्ष पूरे होने पर भैसीना गांव में भव्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ।
भुसावर
भुसावर तहसील के छोटे से गांव भैसीना में बुधवार को भरतपुर के पूर्व सांसद पंडित रामकिशन के जीवन के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित सम्मान समारोह में गणमान्य नागरिकों ने उन्हें सोल, दुपट्टा और फूलमालाओं से लाद दिया। इस अवसर पर पानी आंदोलन के संयोजक और किसान नेता इन्दल सिंह जाट का भी भव्य अभिनंदन किया गया। इन्दल सिंह ने भरतपुर की सबसे बड़ी त्रासदी—पानी और रोजगार—को खुलकर मंच से उठाया।
उन्होंने कहा, “यहां खेती छोटी होती जा रही है, लागत बढ़ रही है और सिंचाई का कोई भरोसेमंद साधन नहीं है। बेरोजगारी के कारण नौजवान पलायन कर रहे हैं और अपराध बढ़ रहे हैं। अगर छोटे, प्रदूषण-मुक्त उद्योग स्थापित हों, तो युवाओं को यहीं रोजगार मिल सकता है।”
उन्होंने साफ कहा कि एनसीआर और टीटीजेड के दायरे ने भरतपुर के विकास की रफ्तार को बांध दिया है और अब इन प्रतिबंधों से राहत मिलनी चाहिए। सरसों की फसल मंडियों में आने वाली है, ऐसे में सरकार को किसानों के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं करनी होंगी।
शतायु नेता की चेतावनी: ‘किसानों की अनदेखी देश को भारी पड़ेगी’
सम्मान से अभिभूत पूर्व सांसद पंडित रामकिशन ने भी मंच से अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील दबाव में हुई है और इसका नुकसान किसानों को उठाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि खेती देश की विकास दर की रीढ़ है, लेकिन बजट में लगातार इसकी अनदेखी हो रही है। कर्ज में दबे किसान परेशान हैं, आत्महत्याएं बढ़ रही हैं और उनकी आवाज सत्ता तक नहीं पहुंच रही।
उन्होंने ईआरसीपी योजना का जिक्र करते हुए कहा—
“जब हमने इस मुद्दे को उठाया, तब लोग मजाक उड़ाते थे। लेकिन संघर्ष ने इसे जिंदा रखा। याद रखना, बाणगंगा में पानी जरूर आएगा—और इसके लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”
गांव ने दिया संघर्ष को सलाम
कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष हरी सिंह गुर्जर सहित अनेक किसान नेताओं और गणमान्य नागरिकों ने अपने विचार रखे। क्षेत्रभर से आए लोगों ने शतायु नेता के चरण छूकर आशीर्वाद लिया और उनके लंबे जीवन व स्वस्थ रहने की कामना की।
रामेश्वर जहानपुर, रविन्द्र मूड़िया जाट, हीरा सिंह आमौली, भगवत जाटव, गंगा सहाय पंडित, महेश गुर्जर, रामचरण पटेल, घनश्याम, सुगढ़ सिंह खैररा, पार्षद मान सिंह गुर्जर सहित अनेक लोगों की मौजूदगी ने समारोह को जनआस्था के उत्सव में बदल दिया। कार्यक्रम का संचालन किसान नेता इन्दल सिंह जाट ने किया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
सैलरीड कर्मचारियों की बढ़ी टेंशन | HRA नियमों में ऐसा बदलाव, जो पड़ सकता है भारी
CGHS क्लेम पर बड़ी राहत | मेडिकल रीइम्बर्समेंट लिमिट 5 लाख से बढ़कर अब हो गई इतने लाख
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
