ब्लिंकिट के डार्क स्टोर में खुली लापरवाही की परतें, 13 डिग्री पर रखा था पनीर-चीज; 164 पैकेट नष्ट

जयपुर के सोडाला स्थित ब्लिंकिट डार्क स्टोर के निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा मानकों की कई खामियां मिलीं। 164 पैकेट नष्ट करवाए गए और घी के दो सैंपल लिए गए।

जयपुर। शहर में ऑनलाइन ऑर्डर के जरिए घर तक पहुंचने वाली खाद्य सामग्री की सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विश्वा नगर, न्यू सांगानेर रोड, सोडाला स्थित ब्लिंकिट के डार्क स्टोर के निरीक्षण में खाद्य सामग्री के भंडारण और परिसर की साफ-सफाई से जुड़ी कई खामियां सामने आईं। निर्धारित तापमान का पालन नहीं होने के कारण मौके पर ही 164 पैकेट खाद्य सामग्री नष्ट करवाए गए, जबकि मिलावट की आशंका पर घी के दो सैंपल जांच के लिए लिए गए।

यह कार्रवाई राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत की गई। प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ के निर्देश और खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने डार्क स्टोर का निरीक्षण किया।

पनीर और चीज करीब 13 डिग्री पर मिले

निरीक्षण में सबसे अहम खामी तापमान-संवेदनशील खाद्य सामग्री के भंडारण में सामने आई। कोल्ड स्टोरेज में पनीर, चीज, दूध और दही निर्धारित तापमान के अनुरूप रखे हुए नहीं मिले। पनीर और चीज करीब 13 डिग्री सेल्सियस तापमान पर रखे पाए गए। दूध के कुछ पैकेट फटे हुए थे और उनसे दूध रिस रहा था। इतना ही नहीं, दूध रखने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे गंदे कैरेट में चिकन के पैकेट भी रखे मिले।

फिनाइल के साथ रखे थे आटे के कट्टे

निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के रखरखाव को लेकर भी कई खामियां सामने आईं। आटे के कट्टे फिनाइल के साथ रखे मिले। कुछ खाद्य सामग्री बिना पैलेट के रखी थी। खाद्य सामग्री रखने वाले स्थान की छत का प्लास्टर उखड़ा हुआ था। रैक पर जंग लगी थी और उसके नीचे का फर्श भी गंदा मिला। बिक्री के लिए रखे गए तेल के पैकेट अत्यधिक गंदे पाए गए।

मेडिकल सर्टिफिकेट से लेकर पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड तक नहीं मिला

फूड हैंडलर्स के लिए निर्धारित प्रारूप में मेडिकल सर्टिफिकेट भी उपलब्ध नहीं मिले। परिसर में पेस्ट कंट्रोल से संबंधित प्रमाण-पत्र और लॉग रजिस्टर भी नहीं था। लोडिंग-अनलोडिंग क्षेत्र में गंदगी के साथ थूक की पीक भी मिली। निरीक्षण में यह बात भी सामने आई कि खाद्य सामग्री निकालने के लिए कर्मचारी रैक पर जूते पहनकर चढ़ते थे।

164 पैकेट नष्ट, घी के दो सैंपल लिए

खाद्य सामग्री को निर्धारित तापमान पर स्टोर नहीं किए जाने के कारण कुल 164 पैकेट खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई। वहीं, मिलावट की आशंका के आधार पर घी के दो सैंपल खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जांच के लिए लिए गए हैं।

रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई

अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि सैंपल की जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि खाद्य सामग्री मिलावटी या निर्धारित गुणवत्ता से कम पाई जाती है तो संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार दंडात्मक और न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य कारोबारियों के लिए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है और नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई जारी रहेगी।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

मैदान अधूरा, सुविधाएं सीमित और उम्मीदें पदक की… ऐसे कैसे तैयार होंगे राजस्थान के चैंपियन?

राजस्थान पुलिस बेड़े में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 14 IPS अधिकारियों के तबादले, जयपुर कमिश्नरेट से जिलों तक बदले कप्तान

पाकिस्तान को पटखनी, भारत ने फिर जीता एशियन गेम्स का गोल्ड; फाइनल में बल्ले से बरसा रन, गेंदबाजों ने किया काम तमाम

गांवों की सरकार के लिए बिगुल बजा, 4 चरणों में होगा रण; जानिए कब किस चरण में पड़ेगा वोट

पंचायत चुनाव से पहले राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, RAS अधिकारियों के तबादले; भरतपुर के वैर SDO भी बदले | यहां देखें पूरी लिस्ट

RJS भर्ती का इंतजार खत्म होने के करीब? मार्च से पहले वैकेंसी की तैयारी, सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बदला गणित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *