श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला-2026 के तहत भरतपुर के महाराजा सूरजमल स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय कुश्ती दंगल के पहले दिन के रोमांचक मुकाबले, परिणाम और विजेताओं की पूरी सूची यहाँ पढ़ें।
भरतपुर (संजीव चीनिया)। महाराजा सूरजमल कुश्ती स्टेडियम में सोमवार को पहलवानों की जोर-आजमाइश के साथ श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला भरतपुर-2026 के अखिल भारतीय कुश्ती दंगल का आगाज हुआ। दशहरा पर्व पर आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय दंगल के पहले दिन ब्रज क्षेत्र सहित देश के विभिन्न जिलों से आए पहलवानों के बीच कई कड़े मुकाबले हुए। खास तौर पर जिला केसरी के 75 किलोग्राम से कम भार वर्ग में चार पहलवानों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी और ग्रामीणजन स्टेडियम पहुंचे।
दंगल का उद्घाटन नगर निगम महापौर अनुराधा सिंह ने हनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेला अधिकारी डॉ. अरविंद सिंह चौधरी ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में एडीएम सिटी राहुल सैनी, पंचायत समिति सेवर के प्रधान प्रतिनिधि राजू ठेकेदार, बबलू कुरका और धीरेंद्र पाल उर्फ बिल्लू सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। अतिथियों ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर मुकाबलों की शुरुआत कराई और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मंच संचालन चुन्नी कप्तान ने किया।
सुबह वजन, दोपहर बाद अखाड़े में मुकाबले
मेला अधिकारी के अनुसार, प्रतियोगिताओं को निष्पक्ष और नियमानुसार कराने के लिए सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहलवानों का आधिकारिक वजन किया गया। इसके बाद भार वर्ग निर्धारित कर दोपहर 1 बजे से मुकाबले शुरू कराए गए, जो देर शाम तक चले।
जसवंत बसंत के पहले दौर में आठ मुकाबलों के नतीजे
50 किलोग्राम से कम भार वर्ग की जसवंत बसंत प्रतियोगिता के पहले दौर में विकास परमदरा ने सुमित हेलक को, बेताल गुर्जर झज्जरपुरा ने महेश परमदरा को, मोहित सैनी डीग ने अभी बांसरोली को और गौरव बिश्नोई भीलवाड़ा ने कुन्नू नीमदा गेट को हराया।
इसी वर्ग में शिवम बिश्नोई भीलवाड़ा ने मोनू हेलक को, दिनेश इकरन ने प्रियांशु अस्तावन को, हितेश भरतपुर ने सोनू महुआ को और सुमित डीग ने समीर मलाहा को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
57 किलोग्राम वर्ग में इन पहलवानों ने मारी बाजी
57 किलोग्राम भार वर्ग के पहले दौर में हिमांशु सोलंकी भरतपुर ने शिवकुमार सुखावली को, शिवा खटाना घसोला ने सचिन इकरन को और नीरज हलेना ने भोलू बयाना को शिकस्त दी।
गणेश सिंह स्टेडियम भरतपुर ने जुगलेश चौहान भरतपुर को, रोहित कुमार बयाना ने भानु प्रताप धाऊ पासा को, करण महुआ ने शेरा बयाना को तथा चंद्रवीर इकरन ने कपिल गुर्जर भरतपुर को हराकर अगले दौर में अपनी जगह बनाई।
जसवंत किशोर वर्ग में भी दिखी जोरदार टक्कर
जसवंत किशोर प्रतियोगिता के पहले दौर में मनन जाट अजमेर ने सचिन सिनसिनी को, संदीप प्रजापत भीलवाड़ा ने मोहित डीग को और ओम हरि एकेडमी भरतपुर ने कृष्णा स्टेडियम भरतपुर को पराजित किया। माधव स्टेडियम भरतपुर ने भूरा चैनपुरा को और लखन परमदरा ने संजू भरतपुर को हराया। वहीं, सिद्धार्थ बिश्नोई भीलवाड़ा ने सौरभ मलाहा को तथा रिकी बिश्नोई भीलवाड़ा ने मनीष सैनी डीग को मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया।
जिला केसरी के चार पहलवान सेमीफाइनल में
75 किलोग्राम से कम भार वर्ग की जिला केसरी प्रतियोगिता के दो दौर के मुकाबलों में पंकज परमदरा ने श्याम पथैना को, सतवीर सह ने सोनू सोगर को, दीपक नूरपुर ने कुशल पाल फुलवारा को और रोहित नूरपुर ने श्यामवीर सातरुक को हराया। इन चारों पहलवानों ने जीत के साथ सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।
निर्णायक मंडल और रेफरी टीम में ये रहे शामिल
कुश्ती प्रतियोगिताओं को नियमानुसार और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए गठित निर्णायक मंडल में कोच जितेंद्र, तेजेंद्र उर्फ लाला पहलवान, सुरेश धोरमुई, गौतम, हरवीर तथा एनआईएस कोच अजमेर राम जाट शामिल रहे। मैट एवं अखाड़ा रेफरी की जिम्मेदारी शारीरिक शिक्षक एवं व्याख्याता गंगा सिंह, भगवान सिंह और टिंकू खान ने संभाली।
कार्यक्रम में कुश्ती दंगल उपसमिति के सचिव डॉ. पी.पी. सिंह, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. मनोज सिनसिनवार, मुकेश अग्रवाल, रविंद्र सिंह और नीतेश सहित पशुपालन विभाग के कार्मिक, खेल एवं सामाजिक जगत से जुड़े गणमान्यजन तथा बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
छोटे बच्चों की सेहत से खिलवाड़ पर लगेगी लगाम? FSSAI का बड़ा कदम
एक बिस्तर पर पिता-बेटा, दूसरे पर मां-बेटियां… सुबह खुला दरवाजा तो सामने था खौफनाक मंजर
महाकाल के दर्शन किए, खाटू श्याम पहुंचने से पहले मौत ने घेरा, कोटा में 8 की सांसें थमीं
