राजस्थान सरकार ने भर्ती परीक्षा कैलेंडर 2026 जारी किया। एक लाख से अधिक सरकारी पदों पर भर्तियां, शिक्षा, पुलिस, चिकित्सा और तकनीकी विभागों में पूरे साल परीक्षाएं।
जयपुर
राजस्थान के बेरोजगार युवाओं के लिए साल 2026 उम्मीदों का साल बनने जा रहा है। भजनलाल सरकार ने भर्ती परीक्षा कैलेंडर-2026 जारी कर साफ संकेत दे दिया है कि अब भर्तियों में न अनिश्चितता होगी, न तारीखों की भागदौड़। कैलेंडर के मुताबिक वर्ष 2026 में एक लाख से अधिक सरकारी पदों पर भर्तियां होंगी, जिससे लाखों अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी का वास्तविक मौका मिलेगा।
इस भर्ती रोडमैप में शिक्षा, पुलिस, चिकित्सा, कृषि, तकनीकी और ऊर्जा विभाग समेत लगभग सभी प्रमुख सेक्टर शामिल किए गए हैं। सरकार का फोकस साफ है—सबसे ज्यादा भर्तियां शिक्षा विभाग में, ताकि स्कूल से लेकर कॉलेज तक की रीढ़ मजबूत हो सके।
महीने-महीने की पूरी तस्वीर
जनवरी 2026 से ही परीक्षाओं का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इस महीने प्राध्यापक भर्ती 2025, प्राथमिक विद्यालय अध्यापक लेवल-1 व लेवल-2 (सामान्य, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत) और शिक्षा विभाग के अन्य पदों की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। यह चरण मार्च तक चलेगा।
फरवरी में तकनीकी और स्वास्थ्य सेक्टर पर फोकस रहेगा। सहायक विद्युत निरीक्षक, कनिष्ठ रसायनज्ञ और आयुष मिशन के विभिन्न पदों की परीक्षाएं इसी महीने होंगी।
मार्च में सहायक अभियंता संयुक्त भर्ती 2024 की मुख्य परीक्षा कराई जाएगी।
अप्रैल पुलिस और कृषि विभाग के लिए अहम रहेगा—उप निरीक्षक पुलिस, कृषि पर्यवेक्षक, पशु चिकित्सक अधिकारी और सहायक कृषि अभियंता की परीक्षाएं होंगी।
मई में विज्ञान और माध्यमिक शिक्षा का दबदबा रहेगा। प्रयोगशाला सहायक (फार्मा व विज्ञान), व्याख्याता, व्याख्याता कृषि एवं कोच भर्ती 2025, और राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त परीक्षा (RAS) इसी अवधि में प्रस्तावित है। कुछ परीक्षाएं मई से जून तक चलेंगी।
जून युवाओं के लिए बेहद निर्णायक रहेगा। महिला पर्यवेक्षक, वनपाल, और कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 4,000 पद शामिल हैं।
इसके बाद जुलाई में ग्रेड-II कनिष्ठ सहायक सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा होगी, जिसमें 10,000 से अधिक पद रखे गए हैं।
जुलाई-अगस्त के बीच वरिष्ठ अध्यापक संयुक्त भर्ती 2025, कनिष्ठ विधि अधिकारी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के पद, वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक और बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक की परीक्षाएं होंगी।
अगस्त में सांख्यिकी अधिकारी भर्ती 2025 प्रस्तावित है।
सितंबर में शारीरिक शिक्षा अध्यापक, निरीक्षक कारखाना एवं बॉयलर और निरीक्षक कारखाना रसायन की परीक्षाएं होंगी।
अक्टूबर में बड़ा पैकेज खुलेगा—सहायक निदेशक, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी, ऊर्जा विभाग के पद और सफाई कर्मचारी भर्ती, जिसमें 24,793 पद शामिल हैं।
नवंबर में संरक्षण अधिकारी और कनिष्ठ अभियंता संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है।
जबकि दिसंबर में संविदा तकनीकी एसोसिएट, ग्राम विकास अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी और नर्सिंग व पैरामेडिकल भर्तियों के साथ वर्ष का समापन होगा।
राज्य सरकार का कहना है कि यह भर्ती कैलेंडर युवाओं के समय प्रबंधन को आसान बनाएगा और बार-बार तारीख बदलने की समस्या खत्म करेगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने साफ कहा कि विकसित राजस्थान के केंद्र में युवा हैं, और सरकार उन्हें रोजगार देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
