उदयपुर नगर निगम मेयर चुनाव में भाजपा के पारस सिंघवी ने 55 वोट हासिल कर मेयर पद जीता। कांग्रेस की पूनम कुंवर राठौड़ को 25 वोट मिले।
उदयपुर। उदयपुर नगर निगम के 7वें बोर्ड की तस्वीर सोमवार को पूरी तरह साफ हो गई। मेयर पद के चुनाव में भाजपा के पारस सिंघवी ने कांग्रेस की पूनम कुंवर राठौड़ को हराकर मेयर की कुर्सी अपने नाम कर ली। नगर निगम हॉल में मतदान के बाद मतगणना हुई और दोपहर 2 बजे से पहले ही परिणाम घोषित कर दिया गया।
पारस सिंघवी को कुल 55 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी पूनम कुंवर राठौड़ के पक्ष में 25 पार्षदों ने मतदान किया। 80 सदस्यीय नगर निगम में मेयर चुनाव के लिए बहुमत का आंकड़ा 41 वोट था। इस तरह सिंघवी ने जरूरी बहुमत से 14 वोट ज्यादा हासिल किए।
53 का आंकड़ा था, 55 तक पहुंचा भाजपा का वोट
चुनाव से पहले भाजपा के पास 53 पार्षदों का स्पष्ट संख्याबल था। मतदान के बाद सिंघवी को 55 वोट मिलना इस चुनाव का अहम आंकड़ा रहा। भाजपा के सभी 53 पार्षदों के अलावा 3 निर्दलीय पार्षदों ने भी सिंघवी के पक्ष में मतदान किया।
दूसरी ओर कांग्रेस के 23 पार्षदों और माकपा के एक पार्षद ने वोटिंग की। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी पूनम कुंवर राठौड़ को कुल 25 वोट मिले।
यानी मतदान के आंकड़ों ने चुनाव से पहले चल रही क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं को भी विराम दे दिया। कांग्रेस की ओर से भाजपा के कुछ पार्षदों के क्रॉस वोटिंग करने की संभावना जताई गई थी, लेकिन अंतिम नतीजे में भाजपा का वोट बैंक अपने आधार से नीचे नहीं गया।
बाड़ेबंदी के बाद सीधे निगम पहुंचे पार्षद
मेयर चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी की थी। मतदान के दिन पार्षदों को सीधे नगर निगम लाया गया और तय प्रक्रिया के तहत वोट डलवाए गए।
भाजपा की ओर से मतदान से पहले पार्षदों को बैलेट पेपर से वोट डालने की प्रक्रिया भी समझाई गई थी। रविवार को पार्टी पदाधिकारियों ने इसका अभ्यास कराया था, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की तकनीकी गलती न हो। सोमवार को मतदान शुरू होने के बाद भाजपा पार्षद यशवंत आंचलिया सबसे पहले वोट डालने नगर निगम पहुंचे।
मेयर चुनाव में कौन-कौन रहा मौजूद?
मतदान के दौरान भाजपा के सांसद मन्नालाल रावत, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा और भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ भी नगर निगम परिसर में मौजूद रहे।
मतगणना पूरी होते ही पारस सिंघवी के मेयर चुने जाने के साथ उदयपुर नगर निगम में भाजपा के 7वें बोर्ड का गठन भी तय हो गया।
अब नजर डिप्टी मेयर के चुनाव पर
मेयर चुनाव का परिणाम सामने आने के बाद अब राजनीतिक हलकों की नजर डिप्टी मेयर के चुनाव पर है। भाजपा में डिप्टी मेयर पद के लिए दिनेश भट्ट का नाम प्रमुखता से सामने आया है। हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी स्तर पर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
