पैकेट पर लिखे 14 अंक यूं ही नहीं होते; FSSAI नंबर का हर हिस्सा बताता है कुछ खास, खरीदारी से पहले ऐसे करें चेक

पैकेट पर लिखे 14 अंकों वाले FSSAI नंबर को समझना आसान है। जानिए नंबर का हर हिस्सा क्या बताता है और पैकेज्ड फूड खरीदते समय इसे क्यों चेक करना चाहिए।

नई दिल्ली। बाजार से पैकेज्ड फूड खरीदते समय हमारी नजर सबसे पहले कीमत, एक्सपायरी डेट और ब्रांड पर जाती है। लेकिन पैकेट पर छपा 14 अंकों का FSSAI नंबर अक्सर नजरअंदाज हो जाता है। क्या आपको पता है कि ये नंबर सिर्फ एक औपचारिक पहचान नहीं है? इसके अलग-अलग हिस्से खाद्य कारोबार के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन और उससे जुड़ी जानकारी बताते हैं।

हाल में FSSAI की ओर से नेस्ले इंडिया के तीन बेबी फूड प्रोडक्ट्स से जुड़े मामलों में कानूनी कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद खाद्य सुरक्षा और पैकेजिंग पर दी गई जानकारी फिर चर्चा में है। ऐसे में ग्राहक के लिए यह समझना उपयोगी है कि पैकेट पर मौजूद 14 अंकों का FSSAI नंबर आखिर बताता क्या है।

14 अंकों का नंबर कैसे पढ़ें?

FSSAI के अनुसार इस नंबर के अलग-अलग हिस्सों का अपना मतलब है। इसे समझने के लिए पूरे नंबर को पांच हिस्सों में देखा जा सकता है।

पहला अंक- लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन का संकेत

सबसे पहले आने वाला अंक यह बताता है कि संबंधित खाद्य कारोबार FSSAI लाइसेंस के तहत है या रजिस्ट्रेशन के तहत।

  • नंबर 1 से शुरू होता है तो यह FSSAI लाइसेंस को दर्शाता है।
  • नंबर 2 से शुरू होता है तो यह FSSAI रजिस्ट्रेशन नंबर होता है।

यानी नंबर की शुरुआत देखकर ही लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन के बीच अंतर समझने का एक संकेत मिल जाता है।

दूसरा और तीसरा अंक-किस राज्य या क्षेत्र से जुड़ा है?

नंबर के दूसरे और तीसरे अंक राज्य, केंद्र शासित प्रदेश या केंद्रीय लाइसेंसिंग अथॉरिटी से जुड़े कोड को दर्शाते हैं। इससे खाद्य कारोबार किस क्षेत्र से संबंधित है, इसकी जानकारी मिलती है।

चौथा और पांचवां अंक-किस साल जारी हुआ नंबर?

इसके बाद आने वाले दो अंक लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन जारी होने वाले वर्ष से जुड़े होते हैं। यानी FSSAI नंबर का यह हिस्सा आपको उसके जारी किए जाने के साल की जानकारी देता है।

छठे से आठवें अंक तकडेजिग्नेटेड ऑफिसर का कोड

नंबर के अगले तीन अंक डेजिग्नेटेड ऑफिसर यानी डीओ कोड से संबंधित होते हैं। यह खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में संबंधित जिम्मेदार अधिकारी की पहचान से जुड़ा कोड है।

आखिरी छह अंक- खास लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन की पहचान

सबसे अंत में आने वाले छह अंक यूनिक सीरियल नंबर होते हैं। यही हिस्सा संबंधित लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन की विशिष्ट पहचान में मदद करता है।

इस तरह 14 अंकों का पूरा नंबर मिलकर किसी खाद्य कारोबार के FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन की पहचान से जुड़ी जानकारी देता है।

क्या FSSAI नंबर देखकर खाना सुरक्षित मान लें?

यहां एक जरूरी बात समझना भी जरूरी है। पैकेट पर FSSAI नंबर मौजूद होना अपने आप में इस बात की गारंटी नहीं है कि कोई खाद्य उत्पाद हर लिहाज से सुरक्षित, बेहतर या गुणवत्तापूर्ण है। यह नंबर मुख्य रूप से फूड बिजनेस के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन की पहचान से संबंधित है। इसलिए केवल नंबर देखकर किसी उत्पाद के बारे में अंतिम राय बनाने के बजाय पैकेट पर दी गई बाकी जानकारी भी जांचनी चाहिए।

अगली बार पैकेट खरीदें तो ये चीजें भी देखें

पैकेज्ड फूड खरीदते समय FSSAI नंबर के साथ कुछ दूसरी जानकारियों पर भी नजर डालना जरूरी है। मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी या बेस्ट बिफोर डेट, सामग्री, बैच नंबर और वेजिटेरियन या नॉन-वेजिटेरियन निशान जरूर देखें। किसी खाद्य पदार्थ से एलर्जी की समस्या है तो पैकेट पर दी गई एलर्जी संबंधी जानकारी को भी ध्यान से पढ़ें।

यानी अगली बार दुकान में किसी पैकेटेड फूड की कीमत और ब्रांड देखने के बाद सीधे उसे ट्रॉली में रखने से पहले पैकेट पर लिखे उन 14 अंकों पर भी एक नजर डालिए। नंबर के पीछे की जानकारी समझना ग्राहक को अपने खाद्य विकल्पों के बारे में ज्यादा जागरूक होकर फैसला लेने में मदद कर सकता है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

5 किलोमीटर की दीवार टूटी, केंद्रीय कर्मचारियों के लिए CGHS का दायरा बढ़ा, अब दूर पोस्टिंग वालों को भी मिलेगा बड़ा विकल्प | जानें नई शर्तें

शुभेंदु से मिलीं ममता की उम्मीदवार, फिर अचानक छोड़ी नंदीग्राम की रेस, खिसियाई ममता ने कांग्रेस के हाथ थमाया समर्थन

गाड़ी का इंश्योरेंस खत्म है तो पेट्रोल पंप पर रुक सकता है सफर! | ‘नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल’ की तैयारी, नंबर प्लेट स्कैन होते ही खुल जाएगा बीमा का पूरा रिकॉर्ड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *