वैर नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव में भाजपा की ललितेश धाकड़ 23 वोट लेकर 21 मतों से विजयी हुईं। कांग्रेस की इन्दिरा सैनी को सिर्फ 2 वोट मिले।
वैर। 25 वार्डों वाली वैर नगरपालिका में अध्यक्ष पद का चुनाव सोमवार को भाजपा के पक्ष में रहा। भाजपा प्रत्याशी ललितेश धाकड़ ने कांग्रेस की इन्दिरा सैनी को 21 वोटों के बड़े अंतर से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया। धाकड़ को 23 वोट मिले, जबकि इन्दिरा सैनी के पक्ष में सिर्फ 2 वोट पड़े।
खास बात यह रही कि वैर के 25 वार्डों के चुनाव में भाजपा के सिर्फ 3 पार्षद और कांग्रेस के 2 पार्षद जीते थे। बाकी 20 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय पार्षदों का समर्थन निर्णायक रहा।
20 निर्दलीय पार्षदों के बीच हुआ अध्यक्ष का फैसला
नगरपालिका के वार्ड परिणाम आने के बाद अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला दिलचस्प हो गया था। अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित था, लेकिन सामान्य वर्ग की महिला पार्षदों के समर्थन का समीकरण नहीं बन सका। इसके बाद चुनाव मैदान में दो महिला प्रत्याशी आमने-सामने आईं।
भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 3 से निर्वाचित ललितेश धाकड़, पत्नी पूरन चंद, जबकि कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 4 से निर्वाचित इन्दिरा सैनी ने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा। मतदान में ललितेश धाकड़ को 23 वोट मिले और इन्दिरा सैनी को 2 वोट। इस तरह धाकड़ ने 21 वोट के अंतर से जीत दर्ज की।
इस बार महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ा
वैर नगरपालिका के 25 वार्डों के चुनाव परिणाम में महिला पार्षदों का दबदबा भी देखने को मिला। कुल 18 वार्डों में महिलाओं ने जीत दर्ज की, जबकि पुरुष पार्षद सिर्फ 7 वार्डों में विजयी हुए। अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने के बीच हुए इस चुनाव में आखिरकार ललितेश धाकड़ ने जीत दर्ज की। नगरपालिका के गठन के बाद पहली बार कोई महिला अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुई हैं।
जीत के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न
ललितेश धाकड़ के अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा के साथ ही भाजपा समर्थकों में उत्साह दिखाई दिया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
