भोपाल
मध्यप्रदेश में कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया पीएम मोदी की हत्या करवा देने की बात कहकर फंस गए हैं। पटेरिया वीडियो में ‘पीएम मोदी की हत्या’ की बात कह रहे हैं। वे कार्यकर्ताओं के बीच कह रहे हैं कि पीएम मोदी की हत्या के लिए तत्पर रहो। वीडियो में साफ सुनाई दे रहा है कि अटेरिया द्वारा मोदी की हत्या की बात कहने के बाद कांग्रेस कार्यकर्त्ता भी तालियां बजा रहे हैं। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद में पटेरिया अपने बयान से पलट गए और कहा कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि ये फ्लो में हो जाता है।
राजा पटेरिया का जो वीडियो सामने आया है उसमें वे कुछ कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। वे कहते नजर आ रहे हैं, मोदी चुनाव खत्म कर देगा, मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर बांट देगा, दलितों का आदिवासियों का और अल्पसंख्यकों का जीवन खतरे में है, यदि संविधान को बचाना है तो मोदी की हत्या करने के लिए तैयार रहो।
ये दी सफाई
इस बयान के बाद राजा पटेरिया की सफाई आई और कहा कि वे तो गांधीवादी नेता हैं। ऐसा वह सोच भी नहीं सकते। उनका कहना था कि मोदी की हत्या के लिए तत्पर रहने को कहने का मतलब था कि अगले चुनाव में मोदी को हराओ। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि ये फ्लो में हो जाता है। लेकिन जिस व्यक्ति ने ये वीडियो रिकॉर्ड किया, उसने बस यही हिस्सा उठाया। राजा ने कहा कि ये वीडियो एडिट किया गया है। मेरा वो मतलब नहीं था। मेरे बयान को तोड़कर पेश किया गया।
पटेरिया ने कहा- जो वीडियो वायरल हो रहा है वह कार्ड वितरण के दौरान का वीडियो है। इस वीडियो में मोदी की हत्या की जो बात है वह गलत तरीके से प्रदर्शित की जा रही है। मैं गांधी को मानने वाला आदमी हूं। मैं इस तरह की बात नहीं कर सकता। मेरा आशय राजनीतिक परिवेश को लेकर था, जहां संविधान बचाने के लिए मोदी को हराना जरूरी है।
पटेरिया के खिलाफ FIR के निर्देश
इस बीच मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया के बयान पर एसपी को FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। गृह मंत्री कहा कि पटेरिया जी के बयानों को मैंने सुना, उससे स्पष्ट होता है कि यह महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं है। उन्होंने कहा कि इटली की कांग्रेस है और इटली की मानसिकता मुसोलिनी की है। राहुल गांधी की यात्रा में स्वरा भास्कर, कन्हैया कुमार, सुशांत चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने एसपी को इस मामले में तत्काल FIR के निर्देश दिए हैं।
BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी जांच की मांग की है। उन्होंने ट्वीट में लिखा- पूर्व मंत्री राजा पटेरिया द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या के लिए जनता ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उकसाना अत्यंत गंभीर और निंदनीय है। क्या हाल ही में मध्यप्रदेश से निकली राहुल गांधी की ‘भारत तोड़ो यात्रा’ में इस साजिश की तैयारी हुई? इसकी जांच होनी चाहिए।
नोट:अपने मोबाइल पर ‘नई हवा’ की खबरें नियमित प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम लिखकर मैसेज करें
सिविल जज परीक्षा-2022 की अधिसूचना जारी, 303 पदों पर होगी भर्ती
अब हर जगह अनिवार्य होगा Birth Certificate, जानिए क्या है सरकार का नया प्लान