एमपीयूएटी उदयपुर की एनसीसी कैडेट्स खुशी नागदा और वैशाली मीणा ने मनाली में आयोजित माउंटेन एडवेंचर कैंप में 110 किमी ट्रेकिंग और 10 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर की दो एनसीसी कैडेट्स ने हिमालय की कठिन पर्वतीय चुनौतियों को सफलतापूर्वक पार कर विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। राजस्थान कृषि महाविद्यालय की खुशी नागदा (बीएससी कृषि तृतीय वर्ष) और वैशाली मीणा (बीएससी कृषि चतुर्थ वर्ष) ने अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली (हिमाचल प्रदेश) द्वारा 27 जुलाई से 8 अगस्त तक आयोजित माउंटेन एडवेंचर कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
दोनों कैडेट्स 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, एमपीयूएटी यूनिट का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। उन्होंने न केवल कठिन प्रशिक्षण पूरा किया, बल्कि चुनौतीपूर्ण पर्वतीय परिस्थितियों में साहस, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी शानदार प्रदर्शन किया।
110 किलोमीटर की ट्रेकिंग, 10 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंचीं
शिविर के दौरान खुशी नागदा और वैशाली मीणा ने रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग, रिवर क्रॉसिंग, ट्रेकिंग, कैंपिंग, माउंटेन रेस्क्यू, सामाजिक जागरूकता और नेतृत्व विकास जैसी साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
दोनों कैडेट्स ने 110 किलोमीटर की ट्रेकिंग सफलतापूर्वक पूरी की और 10,000 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर कठिन परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट शारीरिक क्षमता, टीम भावना और नेतृत्व कौशल का परिचय दिया।
राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा एमपीयूएटी का गौरव
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताया। अधिकारियों का कहना है कि एनसीसी के माध्यम से छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेकर अपने व्यक्तित्व का विकास करने के साथ-साथ विश्वविद्यालय की पहचान भी राष्ट्रीय मंच पर मजबूत कर रहे हैं।
कुलगुरु सहित अधिकारियों ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर एमपीयूएटी के कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह, राजस्थान कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. लोकेश गुप्ता तथा छात्र कल्याण अधिकारी (एसडब्ल्यूओ) डॉ. विक्रमादित्य दवे ने दोनों कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस, राष्ट्रसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण शिविर युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और आत्मविश्वास को नई ऊंचाई प्रदान करते हैं।
एनसीसी यूनिट लगातार कर रही उत्कृष्ट प्रदर्शन
एनसीसी केयर टेकर ऑफिसर (सीटीओ) श्री राम नारायण कुम्हार ने बताया कि 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, एमपीयूएटी यूनिट लगातार राष्ट्रीय स्तर के शिविरों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर रही है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के कैडेट्स राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय एनसीसी गतिविधियों में लगातार उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। भविष्य में भी अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ऐसे प्रशिक्षण शिविरों से जोड़कर उनमें नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के प्रयास जारी रहेंगे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘इतनी कमाई चाहिए…’ क्या अब डॉक्टरों को भी दिए जा रहे हैं सेल्स टारगेट?
