धौलपुर में जमीन विवाद के बीच दिवाली की रात परिवार के तीन सदस्य कुएं में गिर गए। पिता और बेटे की मौत, मां को सुरक्षित बचाया गया। परिवाद में गंभीर आरोप।
धौलपुर। जिस रात घरों में दीप जल रहे थे और परिवार दिवाली की खुशियां मना रहे थे, उसी रात धौलपुर के एक परिवार पर ऐसा कहर टूटा कि दो जिंदगियां हमेशा के लिए बुझ गईं। जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच एक ही परिवार के तीन सदस्य कुएं में जा गिरे। हादसे में पिता और छोटे बेटे की मौत हो गई, जबकि मां को पुलिस ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन इस घटना के बाद सामने आई जमीन विवाद की कहानी ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की रविवार रात की है। पुलिस के अनुसार, पप्पू उर्फ सुरेश पुत्र देवीराम, उनकी पत्नी सरोज और बेटा इंद्रेश कुएं में गिर गए थे। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यवाहक सीओ धर्म सिंह मीणा और थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान की कमान संभाली। पुलिस जवानों ने कुएं में सीढ़ियां उतारीं और एक जवान को पानी में भेजा। काफी मशक्कत के बाद 55 वर्षीय सरोज को सीढ़ी और रस्सी की मदद से बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया, लेकिन सुरेश और इंद्रेश को नहीं बचाया जा सका। दोनों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए।
10 दिन से जमीन विवाद को लेकर परेशान थे सुरेश
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार की ओर से सामने आई कहानी में जमीन विवाद का पहलू भी सामने आया है। मृतक के बड़े बेटे राजेश के मुताबिक, उनके खेत के पास मंदिर की जमीन है और मंदिर ट्रस्ट खेत के कुछ हिस्से पर अपना दावा कर रहा है। इस जमीन को लेकर अजमेर के न्यायालय में भी मामला विचाराधीन है। राजेश का कहना है कि पिछले करीब 10 दिनों से उनके पिता सुरेश इस विवाद को लेकर काफी परेशान थे।
राजेश ने घटना की वजह बताते हुए कहा कि दीपावली की रात उनके पिता खेत में टहल रहे थे। इसी दौरान वह कुएं में गिर गए। उन्हें बचाने के लिए छोटा भाई इंद्रेश और मां सरोज भी कुएं में उतर गए, लेकिन इस कोशिश में पिता और भाई की जान चली गई तथा मां को बचा लिया गया।
परिवाद में महंत समेत पांच लोगों पर दबाव बनाने के आरोप
घटना के बाद सोमवार सुबह राजेश ने पुलिस थाने में परिवाद दिया। इसमें पैतृक खातेदारी जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद का उल्लेख करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिवाद के मुताबिक, वर्ष 2019 में राजस्व बोर्ड से फैसला आने के बाद सुरेश ने हाईकोर्ट जयपुर में अपील करने की तैयारी की थी।
आरोप है कि इसी दौरान महंत हनुमानदास सहित लोचन सिंह गुर्जर, सीपी पंडित, महेश गुप्ता और संजय पहलवान उनके घर पहुंचे और हाईकोर्ट में अपील नहीं करने का दबाव बनाया। परिवार का आरोप है कि सुरेश से अपील के बजाय राजस्व बोर्ड में रिव्यू पेश करवाया गया और जमीन का बंटवारा भी करा दिया गया।
40 लाख रुपये लगाने के बाद भी विवाद से नहीं मिली राहत
परिवाद में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई है। परिवार के अनुसार, करीब 10 महीने पहले आरोपियों ने सुरेश को खेत में बच्चों के कारोबार के लिए निर्माण कराने की सलाह दी थी। इसके बाद सुरेश ने अपनी करीब 40 लाख रुपये की जमा पूंजी निर्माण कार्य में लगा दी। सुरेश खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी सरोज, बेटे राजेश और इंद्रेश तथा बेटियां रीना, ज्योति और संजना हैं।
दिवाली की रात हुए इस घटनाक्रम ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक तरफ पिता और छोटे बेटे की मौत से घर में मातम पसरा है, तो दूसरी तरफ जमीन विवाद को लेकर लगाए गए आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने राजेश की ओर से दिए गए परिवाद के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जमीन विवाद, परिवार के आरोपों और घटना के पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
