EPFO ने नया केंद्रीकृत डेटाबेस सिस्टम लागू किया है। अब PF क्लेम, ब्याज अपडेट, ट्रांसफर और पेंशन सेवाएं पहले से तेज और आसान होंगी।
नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करोड़ों सदस्यों के लिए सर्विस सिस्टम में बड़ा बदलाव किया है। अब पीएफ खातों से जुड़ी सेवाएं पहले की तरह अलग-अलग क्षेत्रीय कार्यालयों पर निर्भर नहीं रहेंगी। EPFO ने सभी सदस्यों का रिकॉर्ड एक नए केंद्रीकृत राष्ट्रीय डेटाबेस में शिफ्ट कर दिया है।
इस बदलाव का असर सीधे PF खाताधारकों पर पड़ेगा। अब देश के किसी भी हिस्से से जुड़े सदस्य का आवेदन अधिकृत EPFO कार्यालयों में प्रोसेस किया जा सकेगा। इससे क्लेम, ट्रांसफर और अन्य सेवाओं में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है।
एसएमएस मेडिकल कॉलेज में शोक: देश के जाने-माने फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. एन.एल. डिसानिया ने की खुदकुशी
PF ब्याज को लेकर भी बड़ी राहत
नई व्यवस्था के बाद PF खातों में ब्याज अपडेट की प्रक्रिया पहले से तेज होने की बात कही जा रही है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए तय 8.25 प्रतिशत ब्याज करीब 34 करोड़ खातों में जमा किया जाएगा। सदस्य 15 जुलाई तक अपनी पासबुक में ब्याज की एंट्री देख सकेंगे।
पहले कई बार ब्याज अपडेट होने में अक्टूबर-नवंबर तक का समय लग जाता था, लेकिन नई तकनीकी व्यवस्था से इसमें तेजी आने की संभावना है।
एक ही जगह मिलेगी खाते की पूरी जानकारी
EPFO की नई प्रणाली के बाद सदस्य एक ही प्लेटफॉर्म पर कई सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें शामिल हैं—
- PF खाते की जानकारी
- बैलेंस और लेनदेन की डिटेल
- क्लेम की स्थिति
- पेंशन से जुड़ी जानकारी
- अन्य ऑनलाइन सेवाएं
पहले ये जानकारियां अलग-अलग सिस्टम में उपलब्ध होती थीं।
क्लेम रिजेक्ट होने की संभावना होगी कम
नई व्यवस्था में दावा जमा करने से पहले दस्तावेजों की जांच ऑनलाइन सिस्टम के जरिए होगी। अगर किसी दस्तावेज में कमी होगी तो सदस्य को पहले ही इसकी जानकारी मिल जाएगी।
इससे अधूरे दस्तावेजों के कारण क्लेम अटकने या रिजेक्ट होने की समस्या कम हो सकती है।
5 लाख तक के एडवांस क्लेम होंगे ऑटोमैटिक प्रोसेस
EPFO ने ऑटोमेटिक क्लेम सेटलमेंट की सीमा भी बढ़ा दी है। अब पूरी तरह सत्यापित दस्तावेजों वाले सदस्यों के पांच लाख रुपये तक के एडवांस क्लेम का निपटारा स्वतः किया जाएगा। इससे पहले यह सीमा एक लाख रुपये थी।
अगर किसी मामले में अतिरिक्त जानकारी की जरूरत होगी तो सदस्य से ऑनलाइन माध्यम से जानकारी मांगी जाएगी, जिससे कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।
क्लेम मंजूर होते ही उसी दिन खाते में आएगा पैसा
नई व्यवस्था के तहत दावा स्वीकृत होने के बाद भुगतान प्रक्रिया को भी तेज किया गया है। EPFO के मुताबिक, केंद्रीकृत भुगतान प्रणाली के जरिए राशि सीधे सदस्य के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
नौकरी बदलने पर PF ट्रांसफर भी होगा आसान
अब नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी। आधार से जुड़े UAN वाले PF खातों का ट्रांसफर स्वतः हो सकेगा। इसके लिए अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी।
पेंशनधारकों के लिए भी बदली सुविधा
नई प्रणाली का फायदा पेंशनधारकों को भी मिलेगा। अब वे देश के किसी भी EPFO कार्यालय से सेवाएं ले सकेंगे और अपनी सुविधा के अनुसार बैंक खाते में पेंशन प्राप्त कर सकेंगे। जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा भी किसी भी कार्यालय में उपलब्ध होगी।
EPFO का मानना है कि यह बदलाव PF सेवाओं को ज्यादा तेज, पारदर्शी और आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। करोड़ों सदस्यों को इससे ऑनलाइन सुविधाओं का बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
