भुसावर की एक असहाय बुजुर्ग विधवा को मुस्कान एक पहल संस्था ने मदद का सहारा दिया। अरविंद मित्तल, लोकेश अग्रवाल और सहयोगियों के प्रयास से महिला को जयपुर के ओमाश्रय सेवाधाम पहुंचाया गया।
भुसावर: भरतपुर जिले के भुसावर कस्बे में एक बुजुर्ग विधवा की जिंदगी लगातार आईं पारिवारिक त्रासदियों के बीच संघर्ष में गुजर रही थी। पति के निधन के बाद जैसे-तैसे जीवन चल रहा था, लेकिन कुछ समय बाद एक और बड़ा सदमा लगा जब उसका एक बेटा और बहू भी दुनिया छोड़ गए। इसके बाद बुजुर्ग महिला विक्षिप्त बेटे और दो पोतों के साथ बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताने को मजबूर हो गई।
मुस्कान एक पहल संस्था के संस्थापक अरविंद मित्तल ने बताया कि महिला भगवान देई, पत्नी स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण कश्यप, लंबे समय से आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना कर रही थीं। उनका मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटा गोविंद नशे का आदी हो चुका था। आरोप है कि वह अक्सर मां से पैसे मांगता और पैसे नहीं मिलने पर मारपीट करता था। आसपास के लोगों को भी उसकी हरकतों से परेशानी होती थी।
बताया गया कि बुजुर्ग महिला ने अपनी स्थिति को लेकर कई संस्थाओं और समाजसेवियों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन उसे अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका। इसी दौरान पड़ोसी हेमंत पांडेय ने उन्हें मुस्कान एक पहल संस्था के बारे में जानकारी दी।
इसके बाद संस्था के सह-संस्थापक लोकेश अग्रवाल ने महिला से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। परिस्थितियों का आकलन करने के बाद जयपुर में संचालित ओमाश्रय सेवाधाम के संस्थापक यशपाल से संपर्क किया गया। उनकी सहमति के बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर बुजुर्ग महिला को सेवाधाम भेजा गया, जहां उनकी देखभाल की जाएगी।
इस मानवीय पहल में टीपू जोगी और मुरारी ने भी सक्रिय सहयोग किया। संस्था का कहना है कि जरूरतमंद और असहाय लोगों तक मदद पहुंचाने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
