भरतपुर के महारानी श्री जया राजकीय महाविद्यालय में संविधान दिवस पर शपथ, व्याख्यान और निबंध प्रतियोगिता आयोजित हुई। 17 विद्यार्थियों ने महिला सशक्तिकरण विषय पर भाग लिया।
भरतपुर। संविधान सिर्फ अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता पर आधारित भारतीय लोकतंत्र की बुनियाद है। इसी संदेश के साथ महारानी श्री जया राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संविधान दिवस मनाया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराकर शपथ दिलाई गई। साथ ही मतदाता जागरूकता, संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अम्बेडकर के योगदान और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों पर भी विचार रखे गए।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय कुमार की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में उन्होंने संविधान सभा के योगदान को याद करते हुए संविधान के मूल आदर्शों और प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मतदाता शपथ के साथ लोकतांत्रिक जिम्मेदारी का संदेश
कार्यक्रम में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) की प्रभारी डॉ. कुसुमलता ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं सदस्यों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष, निर्भीक और जागरूक होकर मतदान करने के महत्व को समझाया।
समारोह के मुख्य वक्ता डॉ. सुरेश चंद्र शर्मा ने भारतीय संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसकी मौलिक विशेषताओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी केंद्रीय भूमिका पर व्याख्यान दिया। वहीं माय भारत पोर्टल के यूथ आइकन यशस्वी कटारा ने संविधान के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखते हुए युवाओं से संवैधानिक मूल्यों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
डॉ. अम्बेडकर के योगदान पर निबंध प्रतियोगिता, 17 विद्यार्थियों ने लिया भाग
संविधान दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक पुष्कर अग्रवाल ने संविधान निर्माण में भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के महत्वपूर्ण योगदान और उनके संवैधानिक दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से आयोजित कौमी एकता सप्ताह का भी समापन हुआ। इस मौके पर महिला प्रकोष्ठ एवं राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में डॉ. भीमराव अम्बेडकर पीठ, जयपुर की ओर से आयोजित ‘महिला सशक्तिकरण में डॉ. भीमराव अम्बेडकर का योगदान’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता हुई। महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. सरोज देवी ने बताया कि प्रतियोगिता में 17 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान की मूल भावना आत्मसात करने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया।
सामूहिक राष्ट्रगीत के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का संचालन NSS स्वयंसेविका सुहानी जोशी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन NSS प्रभारी डॉ. मनोज कुमार मीना ने प्रस्तुत किया। सामूहिक राष्ट्रगीत के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. राजेश सिंह, महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, डॉ. धर्मेंद्र कुमार मीणा, डॉ. अनिल कुमार नागर, डॉ. कुसुमलता, उमाशंकर शर्मा, राज सिंह इंदौलिया और लकी चौधरी सहित महाविद्यालय के अधिकारी, संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
