भरतपुर में भारी बारिश की चेतावनी के चलते जिला कलेक्टर कमर उल जमान चौधरी ने 8 अगस्त 2026 को प्री-प्राइमरी से 12वीं तक के सभी सरकारी-निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्यार्थियों के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया।
भरतपुर। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए भरतपुर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कमर उल जमान चौधरी ने शनिवार 8 अगस्त 2026 को जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्यार्थियों के लिए एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। आदेश कक्षा प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं पर लागू होगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से जारी भारी वर्षा की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए लिया गया है।
छात्रों की छुट्टी, लेकिन स्टाफ रहेगा ड्यूटी पर
आदेश के अनुसार अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का समस्त स्टाफ पूर्व की भांति अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर नियमित दायित्वों का निर्वहन करेगा।
प्रशासन ने सभी संस्था प्रधानों को निर्देश दिए हैं कि आदेश की पालना हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
आदेश नहीं माना तो होगी कार्रवाई
जिला कलेक्टर ने साफ किया है कि यदि कोई भी विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र इस आदेश की अवहेलना करते हुए विद्यार्थियों को बुलाता है या संस्थान संचालित करता पाया गया, तो संबंधित संस्था प्रमुख के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद लिया गया फैसला
आदेश में उल्लेख किया गया है कि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, भरतपुर ने अपने पत्र क्रमांक 3573 दिनांक 07 अगस्त 2026 के माध्यम से जिले में संचालित सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया था। इसके साथ ही मौसम विभाग, जयपुर द्वारा जारी भारी एवं अतिभारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया।
इन पर लागू होगा आदेश
- प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी छात्र-छात्राएं।
- जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालय।
- जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र।
- 8 अगस्त 2026 (शनिवार) को एक दिन का अवकाश।
जिला कलेक्टर कमर उल जमान चौधरी ने यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत प्राप्त शक्तियों का उपयोग करते हुए जारी किया है, ताकि प्रतिकूल मौसम के बीच बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘इतनी कमाई चाहिए…’ क्या अब डॉक्टरों को भी दिए जा रहे हैं सेल्स टारगेट?
