चंबा के बैरागढ़-चंबा मार्ग पर प्राइवेट बस करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 7 लोगों की मौत और 11 के घायल होने की खबर है।
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक बस हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। बैरागढ़-चंबा मार्ग पर एक प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शर्मा ट्रेवल्स की यह बस सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करने के बाद तीसा-बैरागढ़ मुख्य मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर बस अचानक अपना संतुलन खो बैठी। देखते ही देखते बस सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि बस के नीचे कुछ लोग दब गए। बस के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को इलाज के लिए तीसा टाउन के अस्पताल ले जाया गया है।
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस में सफर कर रहे लोग स्थानीय निवासी थे और चंबा नगर की ओर जा रहे थे।
हादसे में जान गंवाने वालों की सूची
- जगदेव पुत्र धर्म सिंह, गांव बाहला, देवीकोठी
- हरदेई पत्नी जगदेव, गांव बाहला, देवीकोठी
- देसराज पुत्र त्रिलोचन, गांव बाहला, देवीकोठी
- रूप सिंह पुत्र राधाराम, गांव चिल्ली थल्ली — चालक
- तेज सिंह पुत्र प्यारे लाल, गांव सत्यास तरेला — कंडक्टर
- निलमा पत्नी मोतीराम, निवासी चिल्ली, देवीकोठी
- जगदेई पत्नी हरिलाल, गांव बाहला, देवीकोठी
फिलहाल हादसे की वजह को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। शुरुआती जानकारी में बस के मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरने की बात सामने आई है। हादसे के बाद प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘इतनी कमाई चाहिए…’ क्या अब डॉक्टरों को भी दिए जा रहे हैं सेल्स टारगेट?
