सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को वकील ने CJI सूर्यकांत पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए उनकी ईमानदारी और पद पर सवाल उठाए। हंगामे के बाद ऑडियो-वीडियो बंद करना पड़ा।
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को कुछ ऐसा हुआ, जिसने वहां मौजूद वकीलों को भी हैरान कर दिया। सुनवाई के दौरान एक वकील ने सीधे देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की कुर्सी और उनकी ईमानदारी पर सवाल उठा दिए। CJI ने पहले इंतजार करने को कहा, लेकिन वकील पीछे हटने को तैयार नहीं हुआ। बात इतनी बढ़ी कि अदालत की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो तक बंद करना पड़ा और आखिरकार वकील को कोर्टरूम से बाहर ले जाया गया।
पहले मांगी माफी, फिर CJI से ही कर बैठा तीखी बहस
दरअसल, मामला अपने केस की तत्काल सुनवाई की मांग से शुरू हुआ था। वकील दोपहर करीब 2 बजे बिना निर्धारित प्रक्रिया के अपनी याचिका का जिक्र करने पहुंचा। उसने शुरुआत में इसके लिए माफी भी मांगी। इसके बाद CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहन की पीठ के सामने अपने दस्तावेज देखने का अनुरोध किया।
वकील का कहना था कि उसने 2 नवंबर को अपना मामला CJI सूर्यकांत के कार्यालय में रखा था, लेकिन 15 दिन गुजरने के बावजूद उसे कोई जवाब नहीं मिला। इसी वजह से उसे अदालत के सामने आना पड़ा। इस पर जस्टिस वी. मोहन ने उसे टोकते हुए कहा कि अदालत में इस तरह की बातें नहीं कही जा सकतीं। वकील ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि मामला आपातकालीन है और वह पहले अपनी माफी पेश करना चाहता है।
CJI ने कहा- इंतजार कीजिए, लेकिन वकील ने कर दिया इनकार
बहस के बीच CJI सूर्यकांत ने वकील को शांत रहने और इंतजार करने के लिए कहा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, ‘हम देखेंगे, आप बस इंतजार कीजिए।’ लेकिन वकील का रुख इसके बाद और आक्रामक हो गया। उसने इंतजार करने से इनकार करते हुए CJI से सीधे कह दिया कि वह उस कुर्सी पर बैठने के योग्य नहीं हैं। वकील के शब्द थे, ‘आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते, आप इसके लायक नहीं हैं। आपके अंदर उस पद के लिए ईमानदारी नहीं है।’
CJI के खिलाफ इस व्यक्तिगत टिप्पणी के बाद कोर्टरूम का माहौल गरमा गया। अदालत की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। कोर्टरूम में मौजूद वकीलों के मुताबिक, इसके बाद संबंधित वकील को अदालत कक्ष से बाहर ले जाया गया।
अपने खिलाफ अवमानना मामले को लेकर नाराज था वकील
बताया जा रहा है कि वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले को लेकर नाराज था। उसने पीठ में शामिल जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहन के प्रति सम्मान जताया, लेकिन CJI सूर्यकांत को इस पद के योग्य मानने से इनकार कर दिया। घटना के दौरान मौजूद कुछ अन्य वकीलों ने भी CJI से संबंधित वकील के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।
जुलाई की घटना के बाद बदली थी सुप्रीम कोर्ट की व्यवस्था
सुप्रीम कोर्ट में इस तरह का हंगामा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले जुलाई में प्रबल प्रताप नाम के एक याचिकाकर्ता ने अदालत में कागज फेंकते हुए CJI सूर्यकांत के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। उस समय CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ कोर्टरूम में मौजूद नहीं थी। मामले को देखने वाली दूसरी पीठ ने याचिकाकर्ता के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से इनकार कर दिया था। अदालत ने कहा था कि याचिकाकर्ता परेशान दिखाई दे रहा था और उसे कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी थीं।
इस घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट ने एक व्यवस्था शुरू की थी, जिसके तहत किसी याचिकाकर्ता के व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की कार्यवाही का ऑडियो और वीडियो बंद किया जा सकता है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
