भुसावर में बारिश के बीच खेत में त्रिपाल के नीचे रह रहे 8 घुमंतू परिवारों के 40 महिला, पुरुष और बच्चों तक मुस्कान एक पहल संस्था ने राशन और कपड़े पहुंचाए।
भुसावर। बरसात की झड़ी के बीच खेत में त्रिपाल के नीचे गुजर-बसर कर रहे घुमंतू परिवारों के लिए ‘मुस्कान एक पहल’ संस्था उम्मीद की किरण बनकर पहुंची। बारिश के कारण रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हुआ तो संस्था ने 8 परिवारों के 40 महिला, पुरुष और बच्चों तक जरूरी खाद्य सामग्री और कपड़े पहुंचाए।
संस्था की पदाधिकारी रेणु मित्तल ने बताया कि जानकारी मिली थी कि बारिश के इस मौसम में 8 परिवार खेत में त्रिपाल लगाकर रह रहे हैं। लगातार बारिश के चलते उनके लिए जीवन-यापन के लिए बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था। ऐसे में परिवारों के सामने भोजन और दूसरी जरूरी चीजों का संकट खड़ा हो गया था।
जानकारी मिलने के बाद संस्था के सदस्यों ने मदद जुटाने की पहल की। इसके बाद जन सहयोग से संचालित संस्था की ओर से जरूरतमंद परिवारों के लिए आटा, दाल, चावल, नमक, तेल, मसाले, हरी सब्जियां, गुड़-चना, बूरा और पहनने योग्य कपड़े एकत्रित किए गए और परिवारों तक पहुंचाए गए।
संस्था की ओर से परिवारों को भरोसा दिलाया गया कि परिस्थितियां बिगड़ने पर आगे भी उनकी जरूरत के अनुसार मदद पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बारिश ने रोका काम तो भूखे रहने की आई नौबत
घुमंतू परिवार के मुखिया ने बताया कि वे गांव-गांव नांदिया (गौधन) के साथ घूमते हैं और मांगकर अपना जीवन-यापन करते हैं। बारिश के कारण बाहर निकलना मुश्किल हुआ तो परिवारों के सामने भूखे रहने की नौबत आ गई थी।
उन्होंने बताया कि संस्था ने पिछले वर्ष भी उनकी मदद की थी और इस बार भी मुश्किल समय में खाद्य सामग्री व कपड़े पहुंचाकर सहयोग किया है।
सात साल से जनसहयोग से चल रही संस्था
‘मुस्कान एक पहल’ पिछले सात वर्षों से भुसावर में जनसहयोग के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद का कार्य कर रही है। संस्था का प्रयास जरूरतमंद लोगों तक उनकी वास्तविक जरूरत के समय सहायता पहुंचाना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना है।
इस सहयोग अभियान में तारा चन्द गोयल, चेतन, मोहन सिंह, रविन्द्र कुमार और मनोज सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
