सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत राज्य नोडल अधिकारी डॉ. चांद सिंह मदान ने हिसार और हांसी में घर-घर जाकर अभियान की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर संतोष जताते हुए पोलियो उन्मूलन के लिए जनसहभागिता पर जोर दिया।
हिसार। सघन पल्स पोलियो अभियान के तीसरे दिन हिसार और हांसी में सिर्फ कागजी समीक्षा नहीं हुई, बल्कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों के काम की जमीनी पड़ताल भी की गई। भारत सरकार की ओर से नियुक्त राज्य नोडल अधिकारी डॉ. चांद सिंह मदान ने दोनों क्षेत्रों का दौरा कर घर-घर पहुंचकर यह सुनिश्चित किया कि जिन बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई है, वे वास्तव में अभियान से जुड़े हैं या नहीं।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मौत की आग | ट्रेलर में घुसी बस, 8 यात्रियों को जिंदा निगल गईं लपटें
निरीक्षण के दौरान उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सपना गहलोत, डीआईओ डॉ. दीपक चौधरी, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल बुद्धिराजा, डॉ. कामिद मोंगा, डॉ. परमजीत यादव तथा जिला आशा कॉर्डिनेटर रामपाल व्यास भी मौजूद रहे।
डॉ. मदान ने हिसार के आज़ाद नगर, ऋषि नगर और सेक्टर 1 से 4 सहित कई इलाकों का दौरा किया। वहीं हांसी में 4-कुतुब गेट और भाटिया कॉलोनी में घर-घर जाकर उन बच्चों का सत्यापन किया, जिन्हें पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी थी। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से सीधे बातचीत कर अभियान की पहुंच, गुणवत्ता और फील्ड स्तर पर किए जा रहे कार्यों का भी फीडबैक लिया।
निरीक्षण में सामने आया कि हिसार और हांसी में स्वास्थ्य विभाग की टीमों, आशा वर्कर्स, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य फील्ड स्टाफ ने पूरे समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अभियान का संचालन किया। पात्र बच्चों तक पोलियो की दवा पहुंचाने के लिए टीमों ने प्रभावी ढंग से कार्य किया।
राज्य नोडल अधिकारी डॉ. चांद सिंह मदान ने कहा कि भारत सरकार और हरियाणा सरकार पोलियो उन्मूलन के लक्ष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इसी उद्देश्य से प्रदेश के सभी जिलों में सघन पल्स पोलियो अभियान व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हिसार और हांसी में भी पात्र बच्चों तक पोलियो की दो बूंदें पहुंचाने का कार्य संतोषजनक ढंग से पूरा किया गया है।
उन्होंने अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों, चिकित्सकों, आशा वर्कर्स, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनसहभागिता और स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता ही भारत को स्थायी रूप से पोलियो मुक्त बनाए रखने की सबसे बड़ी ताकत है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
