भुसावर में ‘गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करो’ की गूंज | महिलाओं की अगुवाई में निकली जनजागरण रैली, SDM को सौंपा ज्ञापन

भुसावर (Bhusawar) में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर विशाल रैली, महिला शक्ति की अगुवाई में SDM को सौंपा ज्ञापन

 भुसावर (विष्णु कुमार )

भुसावर कस्बे में सोमवार सुबह माहौल पूरी तरह ‘गौ सम्मान’ के नारों से गूंज उठा, जब समस्त श्रद्धालुओं, सनातन धर्मप्रेमियों और महिला भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल जनजागरण यात्रा निकाली गई। सुबह 10:00 बजे हिंडौन सड़क मार्ग स्थित पारवाले हनुमानजी महाराज मंदिर परिसर से शुरू हुई इस रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं, गौ भक्त और ब्रजवासी शामिल हुए।

‘गौमाता के सम्मान में गौरक्षक मैदान में‘ और ‘हम सब की यही पुकार, गौ माता को मिले सम्मान‘ जैसे नारों के साथ श्रद्धालु हाथों में तख्तियां लिए पूरे कस्बे के मुख्य मार्गों से होकर गुजरे। रैली के दौरान महिला श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन करते हुए माहौल को भक्ति और उत्साह से भर दिया।

यह जनजागरण यात्रा पारवाले हनुमानजी मंदिर से शुरू होकर पोस्ट ऑफिस, अमर शहीद रमेश स्वामी पार्क, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार्ग होते हुए उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंची। यहां पहुंचकर श्रद्धालुओं ने प्रदर्शन करते हुए उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने, राज्य स्तरीय गौचर विकास बोर्ड के गठन, देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने और गौ संरक्षण के लिए कड़े कानून बनाने की मांग रखी गई। यह ज्ञापन राज्य सरकार, भारत सरकार और राज्यपाल के नाम प्रेषित किया गया।

गौ भक्तों ने स्पष्ट कहा कि ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ किसी एक संस्था या संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे सनातन समाज और देश के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गौमाता सनातन संस्कृति की आधारशिला है और इसके संरक्षण के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होना होगा।

पूरे कार्यक्रम में महिला शक्ति की भागीदारी विशेष रूप से प्रमुख रही, जिसने इस रैली को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

अब नहीं आएगा बुढ़ापा? | शरीर की ‘एजिंग मशीन’ बंद करने वाली जीन दवा पर बड़ा खुलासा

अब छुट्टी ‘मांगनी’ नहीं, हक बन गई | 6 महीने में पेड लीव, हर साल कैश और ‘रिजेक्टेड’ छुट्टियां भी नहीं होंगी बेकार

‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।