मोबाइल का पासवर्ड बना मौत की वजह | छोटे भाई ने बड़े भाई को पीट-पीटकर मार डाला, मां का रो-रोकर बुरा हाल

आगरा (Agra) में मोबाइल का पासवर्ड न बताने पर छोटे भाई ने बड़े भाई की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या (Murder) कर दी। बीच-बचाव करने आई मां को भी धक्का देकर गिराया गया। घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया।

आगरा 

आगरा की एक तंग गली में शुक्रवार रात जो हुआ, उसने एक मां की जिंदगी उजाड़ दी। मामूली सी बात—मोबाइल का पासवर्ड—इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगी, किसी ने सोचा भी नहीं था। घर के भीतर शुरू हुआ झगड़ा देखते-देखते इतनी हिंसा में बदल गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला।

ये दुनिया मतलबी है दोस्तो …

घटना थाना कोतवाली क्षेत्र के टीला माईथान इलाके की है। देर रात करीब 12 बजे घर में सब कुछ सामान्य था। मां पूनम शर्मा और उनके दोनों बेटे—30 वर्षीय गौरव और 26 वर्षीय आकाश—साथ में खाना खाकर अपने-अपने कमरे में चले गए थे।

कुछ देर बाद आकाश नीचे आया और बड़े भाई गौरव से मोबाइल मांगा। उसने कहा कि उसे अपने जीजा को फोन करना है। गौरव ने मोबाइल तो दे दिया, लेकिन जब आकाश ने पासवर्ड पूछा तो उसने बताने से मना कर दिया।

बस यहीं से माहौल बिगड़ गया। पासवर्ड की बात पर दोनों भाइयों के बीच बहस शुरू हुई, जो जल्दी ही हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि आकाश ने गुस्से में गौरव को जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से मारना शुरू कर दिया। इसके बाद लाठी-डंडे से भी हमला किया और घर में रखी एलईडी उठाकर उसके सिर पर दे मारी।

भारी चोट लगने से गौरव के सिर से खून बहने लगा। शोर सुनकर मां पूनम कमरे से दौड़कर आईं और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आकाश ने उन्हें भी धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।

मां के मुताबिक, कुछ देर बाद गौरव जमीन पर तड़पता रहा और फिर उसकी हरकतें बंद हो गईं। तभी आकाश ने कहा कि अभी सांस चल रही है, अस्पताल ले जाओ। मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग घर में पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायल गौरव को तुरंत अस्पताल ले गई, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

थाना कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी आकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मां पूनम शर्मा ने बताया कि उनके पति की करीब पांच महीने पहले ही मौत हुई थी। बड़ा बेटा गौरव घर की जिम्मेदारी संभाल रहा था और उसकी शादी के लिए लड़की भी देखी जा रही थी।

वहीं छोटा बेटा आकाश कुछ महीने पहले मुंबई से काम छोड़कर वापस घर आ गया था। वह शादी-पार्टी में फोटोग्राफी करता था, लेकिन अक्सर पैसों की तंगी रहती थी। परिवार के मुताबिक, उसे जुआ-सट्टा और नशे की भी लत लग गई थी और वह अक्सर पैसे को लेकर झगड़ा करता था। अब उस मां के सामने एक ही सवाल है—जिस बेटे की बारात की तैयारी कर रही थी, उसकी अर्थी क्यों उठी?

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

समंदर की गहराई से आपकी रसोई तक | ऐसे चलती है पेट्रोल-डीजल और गैस की दुनिया

Judgment: रिश्वत लेने वाले कर्मचारी को नहीं मिलेगी ढाल | सह-आरोपी बरी हो जाए, तब भी नहीं धुलेगा भ्रष्टाचार

खून की कमी चुपचाप वार करती है | आयरन की गोली बेअसर क्यों? आदतें बदलें, हीमोग्लोबिन खुद बढ़ेगा

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।