मथुरा में जैत क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक में स्विफ्ट कार घुसने से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो मासूम बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं, पांच घायल हैं।
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में धार्मिक यात्रा पर निकले एक परिवार की खुशियां चंद पलों में मातम में बदल गईं। वृंदावन और मथुरा में दर्शन के लिए आए मध्य प्रदेश के भिंड जिले के इस परिवार की कार सोमवार सुबह सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो मासूम बच्चों और दो महिलाओं की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
हादसा मथुरा के थाना जैत क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर राम धर्म कांटा के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, भिंड निवासी देवाशीष अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ कार से बरसाना से रमणरेती की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी स्विफ्ट कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। ट्रक ग्वालियर से डस्ट लेकर आ रहा था।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सुबह-सुबह हुए इस हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
दो मासूम बच्चों ने भी गंवाई जान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 4 वर्षीय रुद्र, 10 वर्षीय कान्हा, 32 वर्षीय रूबी और 30 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है। वहीं आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी घायल हुए हैं। कार में कुल नौ लोग सवार थे और सभी भिंड जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
परिवार मथुरा-वृंदावन के धार्मिक स्थलों के दर्शन और भ्रमण के लिए आया था, लेकिन यह यात्रा चार लोगों के लिए जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुई। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए हैं। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
खाटूश्यामजी से लौट रहे परिवार पर कहर: कोटा हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, 9 की मौत
दो साल का इंतजार खत्म, सिविल जज बनने का बड़ा मौका, 365 पदों पर निकली PCS-J भर्ती; जानें कब से आवेदन
